भारत की रेलवे इतिहास में 17 जुलाई एक खास तारीख बनने जा रही है. इस दिन देश पहली बार हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन की शुरुआत करेगा, जो बिना धुआं छोड़े पटरियों पर दौड़ेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. यही नहीं, पंजाब और चंडीगढ़ में भी वह हजारों करोड़ रुपये की स्वास्थ्य, शिक्षा और रेलवे से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. यह दौरा देश में आधुनिक और हरित बुनियादी ढांचे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना करेंगे. यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच लगभग 90 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. इस सफर में करीब 11 स्टेशन होंगे और पूरी यात्रा लगभग 2 घंटे में पूरी होगी. यह परियोजना भारतीय रेलवे के लिए स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.
क्या है ट्रेन की खासियत
इस ट्रेन में डीजल इंजन की जगह हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इसमें हाइड्रोजन और हवा में मौजूद ऑक्सीजन की मदद से बिजली बनाई जाती है, जिससे ट्रेन चलती है. इस प्रक्रिया में केवल जलवाष्प निकलती है और कार्बन उत्सर्जन नहीं होता. ट्रेन में करीब 5 क्विंटल हाइड्रोजन 27 सिलेंडरों में सुरक्षित रखा जाएगा. जींद में इसके लिए विशेष ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट भी तैयार किया गया है.
दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेनों में से एक
यह पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित परियोजना है. ट्रेन में 1,200 किलोवाट क्षमता का फ्यूल सेल लगाया गया है. इसमें 10 कोच होंगे, जिनमें 2 ड्राइविंग पावर कार और 8 यात्री कोच शामिल हैं. शुरुआत में इसकी अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. इस ट्रेन से रोजाना लगभग 2,600 यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है. किराया 5 रुपये से 25 रुपये के बीच रखा गया है.
सीएम नायब सैनी ने बताया ऐतिहासिक कदम
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह परियोजना भारतीय रेलवे को स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन प्रणाली की ओर ले जाएगी. साथ ही विकसित भारत, ग्रीन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूत करेगी. उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा, खासकर एनसीआर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी और उद्योग, व्यापार, पर्यटन तथा निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा.
पंजाब और चंडीगढ़ को भी मिलेगी बड़ी सौगातें
प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन करेंगे, जिसे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 125 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बनाया गया है. यहीं से वह देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी वर्चुअल उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा अमृतसर-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री चंडीगढ़ पहुंचकर 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. वह पीजीआईएमईआर में एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर, एडवांस न्यूरोसाइंसेस सेंटर और 150 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला रखेंगे. साथ ही शिक्षा संस्थानों और ट्राईसिटी क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी से जुड़े कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी शुरुआत करेंगे.
ये भी पढ़ें: