Advertisement

Bagaha News: नशे में धुत पुलिस कर्मी दिखे लड़खड़ाते, डायल 112 आखिर किसकी करेगी मदद? दोनों किए गए निलंबित

बिहार के बगहा के ऐसा वीडियो सामने आया है जो पुलिस को शर्मसार कर रहा है. दरअसल इस वीडियो में दो पुलिस कर्मी शराब के नशे में है, जो खुद को संभाल भी नहीं पा रहे हैं. साथ ही किसी ने इस मामले का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है.

नशे में धुत पुलिस कर्मी
अभिषेक पाण्डेय
  • बगहा,
  • 19 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 1:13 PM IST

बगहा के रामनगर में शराबबंदी कानून के पालन और निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाली पुलिस के ही दो कर्मियों पर शराब सेवन करने का मामला सामने आया है. रामनगर में डायल-112 में प्रतिनियुक्त दो पुलिसकर्मियों का कथित तौर पर शराब के नशे में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले में जांच के बाद बगहा एसपी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.

संभाले नहीं संभले

वायरल वीडियो में डायल-112 की मोटरसाइकिल के पास दो पुलिसकर्मी लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं. इनमें एक पुलिसकर्मी स्थानीय लोगों के सामने गिरता नजर आ रहा है. राहगीरों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद केवल इन्हीं पर सवाल नहीं उठ रहे, बल्कि पूरा महकमा शक की निगाह में आ चुका है.

ब्रेथ एनालाइजर में हुए फेल

वीडियो सामने आने के बाद मामले को रामनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने गंभीरता से लिया. दोनों पुलिसकर्मियों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई. जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए पीटीसी सुरेंद्र कुमार और हवलदार सुनील कुमार महतो को निलंबित कर दिया. पुलिस के अनुसार, दोनों को निलंबन अवधि में सामान्य जीवनयापन भत्ता दिया जाएगा और उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, बगहा निर्धारित किया गया है. 

जिनके कंधे कानून व्यवस्था, वहीं तोड़ रहे कानून

खास बात यह है कि जिस डायल-112 टीम पर लोगों की मदद और कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी थी, उसी के दो कर्मियों का वीडियो नशे की हालत में वायरल हुआ. वीडियो से शुरू हुई जांच के बाद ब्रेथ एनालाइजर रिपोर्ट ने मामले को कार्रवाई तक पहुंचा दिया. जिन कर्मियों की जिम्मेदारी है कि कोई नशा करके उत्पात न करें, जब वह ही नशे की हालत में पाए जाएं तो महकमे पर सवाल उठने तो बनते ही हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement