Advertisement

INDIA गठबंधन की महारैली में राहुल गांधी की दो टूक, ज्ञानेश कुमार को जाना होगा जेल, मोदी-शाह पर भी लगाए गंभीर आरोप

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली में राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा. उन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार को जेल भेजने की बात कही.

rahul gandhi claims gyanesh kumar will go jail
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 01 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:07 PM IST

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित की गई. इस रैली में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा. राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए विपक्ष की लड़ाई जारी रहेगी.

ज्ञानेश कुमार को लेकर क्या बोले राहुल?

रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को अपने पद से हटना होगा और उन्हें जेल जाना पड़ेगा. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव में गड़बड़ी करके लोगों के वोट देने के अधिकार को छीना जा रहा है.

उन्होंने कहा कि यह किसी दुकान से सामान चोरी करने जैसा मामला नहीं है, बल्कि देश के हर नागरिक की आवाज और उसके वोट के अधिकार की चोरी है. राहुल गांधी के मुताबिक, लोकतंत्र में किसी भी व्यक्ति के पास इतनी ताकत नहीं हो सकती कि वह संविधान से बड़ा बन जाए.

हटाए गए 11.53 करोड़ वोटरों के नाम

राहुल गांधी ने चुनावी वोटर लिस्ट को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद करीब 11.53 करोड़ वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए. उनके अनुसार, यह संख्या कुल वोटरों का करीब 15 प्रतिशत है.

उन्होंने मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन राज्यों में भी वोट चोरी हुई है. उन्होंने कहा कि ईवीएम के साथ-साथ वोटर लिस्ट में नाम हटाने और नए नाम जोड़ने के जरिए भी गड़बड़ी की गई.

मोदी और अमित शाह को भी दी चेतावनी

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वोट चोरी के आरोपों को लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. राहुल गांधी ने कहा कि देश उनसे इस मामले में जवाब मांगेगा और वे जिम्मेदारी से बच नहीं सकेंगे.

उद्योगपतियों और रोजगार का भी उठाया मुद्दा

राहुल गांधी ने देश की आर्थिक स्थिति पर बात करते हुए आरोप लगाया कि सरकार कुछ बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है. उन्होंने किसानों, मजदूरों, छोटे कारोबारियों और युवाओं की समस्याओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देश में हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान मौका मिलना चाहिए.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement