दिल्ली-NCR में शुक्रवार दोपहर मौसम अचानक बदल गया. दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी बारिश का दौर जारी है. ग्रेटर नोएडा के जेवर में तेज बारिश हुई. बारिश और ठंडी हवाओं के चलते गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया है.
दोपहर बाद अचानक बदला मौसम
शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली-NCR में बादल छाए हुए थे. हालांकि करीब 10 बजे तेज धूप निकल आई और तापमान बढ़ने लगा. इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे मौसम ने फिर करवट ली. आसमान में घने बादल छाए और तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई. दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई हिस्सों में भी बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है.
IMD ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश को लेकर अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. शहर के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और आंधी जैसे हालात बन सकते हैं. लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. IMD के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. कई जगह हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश का दौर आ सकता है. शाम से रात के बीच भी कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है.
दोपहर-शाम में ज्यादा बारिश के आसार
मौसम के ECMWF मॉडल के मुताबिक दिल्ली-NCR में बारिश की गतिविधियां दोपहर बाद बढ़ सकती हैं. नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में कुछ जगह मध्यम बारिश होने का अनुमान है. आसपास के हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान करीब 27.4 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बारिश से पहले 36.6°C तक पहुंचा तापमान
दिल्ली में बारिश आने से पहले गर्मी का असर बढ़ गया था. 10 सितंबर को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा था. न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था. 11 सितंबर की सुबह 8:30 बजे तक सफदरजंग में बारिश दर्ज नहीं हुई थी. दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री के बीच रहा.
शनिवार को भी बारिश, तापमान गिरेगा
दिल्ली-NCR में शनिवार को भी बारिश का असर जारी रहने की संभावना है. IMD ने 12 सितंबर को कई जगह हल्की बारिश और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. आसमान में बादल छाए रहेंगे. शनिवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है. 13 से 15 सितंबर के बीच भी हल्की बारिश के आसार हैं. हालांकि इन दिनों बारिश की तीव्रता और दायरा कम रहने की संभावना है.