Advertisement

Dholpur Hospital Theft: 15 लाख के मेडिकल उपकरण चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

राजस्थान के धौलपुर जिले में सरकारी टीबी सेंटर से 15 लाख के एक्स-रे उपकरण, एसी और यूपीएस चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

उमेश मिश्रा
  • धौलपुर,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:29 PM IST

राजस्थान के धौलपुर जिले में सरकारी अस्पताल के क्षय रोग निवारण केंद्र से चिकित्सा उपकरण और अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. चोरी की यह वारदात 6 अक्टूबर की रात को हुई थी. पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के बाद दोनों संदिग्धों की पहचान की गई और 22 अक्टूबर को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने सामान ले जाते हुए आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज भी जारी किए हैं.

क्षय रोग निवारण केंद्र से क्या-क्या चोरी हुआ?
धौलपुर शहर के सीओ प्रदीप नेहरा के मुताबिक, जिला अस्पताल के पुराने भवन में स्थित जिला क्षय रोग निवारण केंद्र को चोरों ने निशाना बनाया था. यहां से करीब 15 लाख रुपये कीमत के चिकित्सा उपकरण और अन्य सामान चोरी कर लिया गया. चोरी हुए सामान में एक्स-रे एक्सपोजर मशीन, एक्स-रे पावर कंट्रोल, एक्स-रे कॉपर प्लेट, एसी, स्टेबलाइजर, आठ बैटरियों के साथ ऑनलाइन यूपीएस और फेस पावर केबल शामिल हैं. सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से जरूरी उपकरण चोरी होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई.

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
इस घटना को लेकर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह मीणा ने 7 अक्टूबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू की. जांच के लिए थानाधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. इसके बाद एएसआई लोकेंद्र सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की. फुटेज में मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस ने 22 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने चोरी के मामले में रामू पुत्र नत्थीलाल निषाद, निवासी राजघाट, धौलपुर और महेश उर्फ सूखा पुत्र गोपी निषाद, निवासी महात्मानंद की बगीची, पुराना शहर, धौलपुर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य उद्देश्य चोरी किए गए चिकित्सा उपकरणों और अन्य सामान को बरामद करना है. इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement