स्कूल में सांप निकलने से मचा हड़कंप, प्रिंसिपल की कुर्सी के पास बैठा रहा स्नेक, वीडियो वायरल

बारिश के मौसम में कोटा में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं. प्रिंसिपल कार्यालय में वाटर स्नेक मिला, जबकि शिवनगर नयागांव में चूहे का पीछा करते हुए पांच फीट लंबा ब्लैक कोबरा पिंजरे में फंस गया. दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है.

Rajasthan school students flee in panic as 5-foot cobra slithers into classroom
चेतन गुर्जर
  • कोटा,
  • 13 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:27 PM IST

बारिश का मौसम शुरू होते ही कोटा में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं. शहर के दो अलग-अलग इलाकों में सांप मिलने से लोगों में दहशत फैल गई. एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल कार्यालय में वाटर स्नेक दिखाई दिया, जबकि शिवनगर नयागांव में चूहे का शिकार करने गया करीब पांच फीट लंबा ब्लैक कोबरा चूहे पकड़ने वाले पिंजरे में ही फंस गया. दोनों मामलों में स्नेक कैचर ने सुरक्षित रेस्क्यू कर सांपों को जंगल में छोड़ दिया.

प्रिंसिपल कार्यालय में दिखा वाटर स्नेक
स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की प्रिंसिपल कुसुम जब अपने कार्यालय पहुंचीं तो कमरे में कीलबैक प्रजाति का वाटर स्नेक दिखाई दिया. सांप को देखते ही उन्होंने तुरंत कार्यालय खाली कराया और स्कूल स्टाफ को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. टीम ने पूरी सावधानी के साथ वाटर स्नेक का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया. समय रहते सांप को पकड़ लेने से किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई.

चूहे का पीछा करते-करते खुद पिंजरे में फंस गया ब्लैक कोबरा
दूसरी घटना शिवनगर नयागांव इलाके की है. यहां ओमप्रकाश के घर में चूहों को पकड़ने के लिए एक पिंजरा लगाया गया था. लेकिन इस बार चूहे की जगह करीब पांच फीट लंबा ब्लैक कोबरा उसी पिंजरे में कैद हो गया. बताया गया कि कोबरा चूहे का पीछा करते हुए पिंजरे के अंदर घुस गया, लेकिन बाद में बाहर नहीं निकल सका. घरवालों ने जब पिंजरे में कोबरा को देखा तो उनके होश उड़ गए. इसके बाद परिवार ने बिना देर किए स्नेक कैचर को सूचना दी. मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने सुरक्षित तरीके से ब्लैक कोबरा का रेस्क्यू किया और उसे जंगल में छोड़ दिया.

स्नेक कैचर ने लोगों से की अहम अपील
दोनों सांपों का सफल रेस्क्यू करने वाले स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में अगर कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने की कोशिश करें. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें. इससे न सिर्फ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि सांप को भी बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सकेगा.

बारिश के मौसम में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच विशेषज्ञ भी लोगों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में खुद सांप पकड़ने की कोशिश न करने की सलाह दे रहे हैं.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED