बेगूसराय पकड़ौआ शादी
बेगूसराय पकड़ौआ शादी
खगड़िया जिले के चौथम गांव का रहने वाला 22 वर्षीय नीतीश कुमार 9 जुलाई को बेगूसराय के जीडी कॉलेज अपना रिजल्ट लेने और बीए चौथे सेमेस्टर में एडमिशन कराने गया था. नीतीश का आरोप है कि इसी दौरान हथिदह की रहने वाली प्राइवेट नर्स सीता का उसे फोन आया. सीता ने मिलने के लिए बुलाया, जिसके बाद वह उससे मिलने पहुंचा. नीतीश के मुताबिक, देर शाम हो जाने पर वह सीता को उसके घर हथिदह छोड़ने चला गया. वहां नाश्ता-पानी कराया गया. रात होने पर सीता की मां ने कहा कि इतनी रात में बाइक से खगड़िया जाना सुरक्षित नहीं है, इसलिए सुबह चले जाना. इसके बाद वह वहीं रुक गया.
'8-10 लड़के आए और मंदिर ले जाकर करवा दी शादी'
नीतीश का आरोप है कि रात में 8 से 10 लड़के वहां पहुंचे और उसे जबरन मंदिर ले गए. वहां उसने देखा कि सीता दुल्हन के जोड़े में खड़ी थी. उसने भागने की कोशिश भी की, लेकिन आरोप है कि मौजूद लोगों ने जान से मारने की धमकी दी. डर के कारण उसने सीता की मांग में सिंदूर भर दिया. नीतीश ने यह भी आरोप लगाया कि अगले दिन यानी 10 जुलाई को उसे जबरन बाढ़ कोर्ट ले जाया गया, ताकि कोर्ट मैरिज कराई जा सके. हालांकि, उसने कोर्ट में शादी से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया. नीतीश का कहना है कि वह इस शादी को नहीं मानता.
दुल्हन का दावा- दो महीने के प्रेम संबंध के बाद हुई शादी
वहीं, दुल्हन बनी सीता ने नीतीश के आरोपों को गलत बताया है. सीता का कहना है कि उसने पहले ही नीतीश को बता दिया था कि वह शादीशुदा रही है, उसका 10 साल पहले तलाक हो चुका है और वह एक बच्चे की मां है. इसके बावजूद नीतीश शादी के लिए तैयार था. सीता के मुताबिक, दोनों के बीच करीब दो महीने से प्रेम संबंध था और उसी के बाद यह शादी हुई. उसने यह भी कहा कि उसने नीतीश को यह जानकारी भी दी थी कि उसके बैंक खाते में 6 लाख रुपये हैं और उसके नाम एलआईसी भी है. लेकिन कोर्ट मैरिज के दौरान नीतीश ने साइन करने से इनकार कर दिया.
छोटी बहन से शादी करना चाहता था नीतीश
जानकारी के मुताबिक, नीतीश और सीता की दोस्ती करीब ढाई से तीन महीने पहले हुई थी. उस समय नीतीश अपनी बहन के यहां हथिदह गया था, जहां उसकी मुलाकात सीता से हुई. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और मामला शादी तक पहुंच गया. हालांकि, नीतीश का दावा है कि वह सीता की छोटी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी जबरन सीता से शादी करा दी गई.
पुलिस तक पहुंचा मामला, काउंसलिंग के बाद दुल्हन को भेजा गया दूल्हे के साथ बाढ़ कोर्ट में
दोनों पक्षों के बीच हंगामा होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा. हथिदह थाना पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग कराई. इसके बाद दुल्हन सीता को दूल्हे नीतीश के साथ उसके घर खगड़िया जिले के चौथम भेज दिया गया. फिलहाल शादी का वीडियो और बाढ़ कोर्ट में दोनों के अलग-अलग दावों वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. एक तरफ नीतीश इसे जबरन कराई गई शादी बता रहा है, तो दूसरी ओर सीता का कहना है कि यह दोनों की रजामंदी और प्रेम संबंध के बाद हुई शादी है.
ये भी पढ़ें