Rajasthan Weather May 2026: 48 डिग्री के टॉर्चर के बीच राहत की खबर! आज भीषण लू, कल से 70 KM की रफ्तार से चलेगी आंधी और होगी बारिश

गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच राजस्थान के लिए अच्छी खबर है. जहां एक तरफ लोग गर्म हवाओं से झुलस रहे हैं, वहीं अब बारिश के कारण राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने 29 मई 2026 से बारिश का दौर जारी रहने सूचना जारी की है.

Rajasthan Weather 29 May 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 28 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:30 PM IST

राजस्थान में गर्मी का कहर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में आज भीषण लू का असर बने रहने की चेतावनी IMD ने जारी की थी. वहीं तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. हालांकि मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है.  उनके मुताबिक 28 मई के बाद यानी 29 मई 2026 से मौसम एकदम से करवट ले सकता, जिसके कारण इलाकों में तेज आंधी-बारिश होने की संभावना जताई गई है.

28 मई को सताएगी भीषण गर्मी
मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में आज भीषण हीटवेव और गर्म रातों का दौर जारी रहेगा. दिन के वक्त में तेज धूप के साथ तापमान लगातार बढ़ता नजर आएगा, वहीं रात में भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पाएगी. खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान में हालात ज्यादा गंभीर बन सकती है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ इलाकों में तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच सकता है. पश्चिमी राजस्थान में 28 मई को कुछ जगहों पर पारा 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की आशंका जताई गई है.

कल से बदलेगा मौसम का मिजाज
भीषण गर्मी के बीच राहत की उम्मीद भी नजर आ रही है. मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर राजस्थान के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा. इसके चलते आंधी, तेज हवाएं और हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 से 31 मई के बीच पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर दिखाई देगा. इस दौरान राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में तेज धूलभरी आंधी चल सकती है. हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, वहीं कुछ जगहों पर बारिश होने की भी संभावना है.

तापमान में आएगी गिरावट
आंधी और बारिश की गतिविधियों के कारण 29 मई के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग का मानना है कि मई के आखिरी दिनों से गर्मी का असर थोड़ा कम हो सकता है. वहीं कल, बुधवार को भी राजस्थान में गर्मी का प्रकोप अपने चरण पर था. श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. तेज गर्मी ने लोगों की दिनचर्या पर असर डाल दिया है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है. 

इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम 
मौसम विभाग का ये भी करना है कि राजस्थान के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. पश्चिम विक्षोभ के कारण कल बंगाल और बिहार के कुछ जिलों में झमाझम बारिश का असर देखने को मिला था. वहीं अब IMD का कहना है कि पूर्वी यूपी, ओडिशा, और असम के कुछ इलाकों में गर्मी से राहत मिल सकती है. 
 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED