यूट्यूब देख कर छाप रहा था नकली नोट, मार्केट में चलाने की कोशिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

गुजरात के राजकोट में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने रैयाधार इलाके में छापेमारी कर नैतिक अग्रावत नामक युवक को जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी अपने घर में प्रिंटर और स्कैनर की मदद से 100 और 200 रुपये के नकली नोट छाप रहा था. पुलिस के पूछताछ में बताई ये बात.

नकली नोट बरामद
gnttv.com
  • राजकोट,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:21 PM IST

गुजरात के राजकोट शहर में नकली नोट छापने का एक मामला सामने आया है. शहर की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) टीम ने रैयाधार इलाके में छापा मारकर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर नकली नोट छापने का काम कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के पास से बाजार में चलाने से पहले ही कई नकली नोट बरामद कर लिए.

सूचना के आधार पर की गई छापेमारी
पुलिस के अनुसार एसओजी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रैयाधार इलाके में एक कमरे में नकली नोट छापे जा रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर टीम ने गौशाला के पास स्थित एक कमरे में छापा मारा. छापेमारी के दौरान वहां मौजूद एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने अपना नाम नैतिक अग्रावत बताया.

कमरे से मिले प्रिंटर और नकली नोट
पुलिस ने जब कमरे की तलाशी ली तो वहां से नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ. कमरे में एक प्रिंटर कम स्कैनर, फुटस्टूल, कटर, पेंसिल, सिक्के और ए 4 साइज के खाली कागज मिले. इसके अलावा वहां से 100 रुपये के दो तरफा छपे 15 नकली नोट भी बरामद किए गए. इन सभी नोटों का सीरियल नंबर 663598 पाया गया.

पुलिस को ए 4 साइज के कागजों पर 100 रुपये के एक तरफा छपे 34 नोट भी मिले. पुलिस ने कुल मिलाकर 100 और 200 रुपये के 38 नकली नोट जब्त किए हैं.

यूट्यूब देखकर सीखा नकली नोट बनाना
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कर्ज के बोझ तले दबा हुआ था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था. इसी कारण उसने नकली नोट बनाने का रास्ता अपनाया.

आरोपी ने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट बनाना सीखा था. इसके बाद तीन दिन पहले उसने दो नकली नोट छापे और उन्हें बाजार में चलाया. आरोपी के मुताबिक जब उसे शुरुआती कोशिश में सफलता मिली तो उसने और नकली नोट छापने शुरू कर दिए. हालांकि इससे पहले कि वह इन नोटों को बाजार में चला पाता, एसओजी टीम ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया.

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी इन नकली नोटों को बाजार में चलाने की तैयारी कर रहा था या उन्हें किसी अन्य अवैध गतिविधि में इस्तेमाल करने वाला था.

आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं. इनमें अपहरण और बलात्कार जैसे आरोप शामिल बताए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नकली नोट गिरोह से कोई अन्य व्यक्ति भी जुड़ा हुआ है या नहीं.

(रिपोर्ट- ब्रिजेश दोशी)

ये भी पढ़ें 


 

Read more!

RECOMMENDED