सहारनपुर में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा चाक-चौबंद, 11 जोन में बंटा रूट, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

एसएसपी ने बताया कि पुलिस लाइन में सहारनपुर, यमुनानगर, करनाल, अंबाला और आसपास के जिलों से आने वाले डीजे संचालकों के साथ बैठक कर शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया गया. डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फुट और चौड़ाई 10 फुट निर्धारित की गई है.

Kanwar Yatra
राहुल कुमार
  • सहारनपुर ,
  • 24 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:32 AM IST
  • हर गतिविधि पर रहेगी पुलिस की नजर
  • ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

सहारनपुर में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है. यात्रा मार्ग को 11 जोन, 23 सेक्टर और 52 सब-सेक्टर में विभाजित कर व्यापक पुलिस बंदोबस्त किया गया है. एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि हजारों पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करेंगे. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए कांवड़ मार्ग के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी. साथ ही बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन अभियान भी तेज कर दिया गया है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके.

DJ पर सिर्फ भक्ति गीत बजाने के निर्देश
एसएसपी ने बताया कि पुलिस लाइन में सहारनपुर, यमुनानगर, करनाल, अंबाला और आसपास के जिलों से आने वाले डीजे संचालकों के साथ बैठक कर शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया गया. डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फुट और चौड़ाई 10 फुट निर्धारित की गई है.

संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि केवल भक्ति गीत ही बजाए जाएंगे तथा ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखा जाएगा. डीजे संचालकों की सुविधा के लिए एक नोडल अधिकारी का नंबर भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि किसी भी तरह के दबाव या शिकायत की स्थिति में तत्काल संपर्क किया जा सके.

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखेगी. उन्होंने बताया कि सभी डीजे संचालकों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिया है. प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

 

    Read more!

    RECOMMENDED