Advertisement

सहारनपुर में वायरल वीडियो से मचा बवाल, हिंदू लड़की बोली- मैं एक साल से आजम के साथ रिलेशनशिप में हूं, और...

वीडियो में युवती ने अपना नाम कशिश बताया और कहा कि वह पिछले डेढ़ साल से आजम नाम के युवक को जानती है और करीब एक साल से दोनों रिश्ते में हैं. युवती का कहना है कि जब उसने घरवालों को इस संबंध के बारे में बताया तो उसके साथ मारपीट की गई और युवक को जान से मारने की धमकी दी गई.

Saharanpur news
राहुल कुमार
  • सहारनपुर ,
  • 26 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 1:32 PM IST

यूपी के सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा की एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवती खुद को बालिग बताते हुए कह रही है कि वह अपनी मर्जी से गांव के ही एक मुस्लिम युवक के साथ गई है और उसी के साथ रहना चाहती है. उसने परिवार पर दबाव और मारपीट का आरोप लगाया है तथा पुलिस से सुरक्षा की मांग की है.

आजम के साथ मर्जी से रहना चाहती हूं
वीडियो में युवती ने अपना नाम कशिश बताया और कहा कि वह पिछले डेढ़ साल से आजम नाम के युवक को जानती है और करीब एक साल से दोनों रिश्ते में हैं. युवती का कहना है कि जब उसने घरवालों को इस संबंध के बारे में बताया तो उसके साथ मारपीट की गई और युवक को जान से मारने की धमकी दी गई. उसने दावा किया कि वह 18 साल से अधिक उम्र की है और अपना फैसला खुद लेने में सक्षम है. दोनों ने कोर्ट मैरिज से जुड़े कागजात तैयार कर लिए हैं और उन्हें थाने में भेजा है.

परिवार का आरोप- युवक लड़की को बहला-फुसलाकर ले गया
वहीं दूसरी ओर, युवती के पिता जसबीर ने 24 फरवरी की रात करीब 1:30 बजे गंगोह कोतवाली में बेटी के लापता होने की तहरीर दी थी. परिजनों का आरोप है कि गांव का ही दूसरे समुदाय का युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया है. पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है. एफआईआर में युवती की उम्र करीब 17 साल 5 महीने बताई गई है, जिससे कानूनी स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो वायरल होने के बाद कुछ संगठनों ने इसे 'लव जिहाद' का मामला बताते हुए कोतवाली में ज्ञापन सौंपा. देर शाम गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. पंचायत में चेतावनी दी गई कि यदि युवती की जल्द बरामदगी नहीं होती और सख्त कार्रवाई नहीं की जाती तो सड़क जाम किया जाएगा.

एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज है और युवती की बरामदगी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं. वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण में कानूनी प्रक्रिया के तहत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement