SGPC का 1487 करोड़ का बजट पास, शिक्षा, धर्म और सेवा कार्यों पर बड़ा फोकस

जयकारों और धार्मिक उत्साह के माहौल में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने साल 2026-27 के लिए 1487.41 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया है. यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 100.94 करोड़ रुपये अधिक है, जिससे लगभग 7.28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है.

sgpc budget amritsar
gnttv.com
  • अमृतसर,
  • 28 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:50 PM IST

जयकारों और धार्मिक उत्साह के माहौल में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने साल 2026-27 के लिए 1487.41 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया है. यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 100.94 करोड़ रुपये अधिक है, जिससे लगभग 7.28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. बजट को सिख समुदाय की धार्मिक, शैक्षणिक और सामाजिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है.

बजट पेश और मुख्य घोषणाएं
यह बजट SGPC के जनरल सेक्रेटरी सरदार शेर सिंह मंडवाला द्वारा पेश किया गया. इस अवसर पर SGPC के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य सिख युवाओं और समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाना है. उन्होंने बताया कि IAS/PCS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सिख युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु 5 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान रखा गया है.

धार्मिक और सामाजिक कार्यों पर जोर
गुरु रविदास जी की शताब्दी को समर्पित कार्यक्रमों के लिए 7 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं. वहीं, दरबार साहिब से जुड़ी सरायों और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

कर्मचारियों और जरूरतमंदों के लिए प्रावधान
कर्मचारियों के वेतन के लिए लगभग 68 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है. इसके अलावा गरीबों, बीमारों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए 7 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं. शिक्षा के क्षेत्र में मुफ्त स्कूलों और स्कॉलरशिप योजनाओं के लिए भी बड़ी राशि तय की गई है.

बंदी सिखों और धार्मिक मुद्दों पर उठाई आवाज
प्रधान धामी ने बंदी सिखों के मामलों पर चिंता जताते हुए बलविंदर सिंह राजोआणा और दविंदर पाल सिंह भुल्लर सहित अन्य कैदियों के मामलों में जल्द निर्णय लेने की मांग की. साथ ही, गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी रोकने के लिए सख्त कानून बनाने और धार्मिक प्रतीकों (ककारों) को लेकर परीक्षा केंद्रों में आ रही बाधाओं को दूर करने की भी अपील की गई.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED