महिला के खाते में अचानक 9 करोड़ 99 लाख 49 हजार 586 रुपये जमा हो गए
महिला के खाते में अचानक 9 करोड़ 99 लाख 49 हजार 586 रुपये जमा हो गए
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला के बैंक खाते में अचानक करोड़ों रुपये पहुंच गए. इस घटना ने न केवल महिला और उसके परिवार को चौंका दिया, बल्कि आसपास के लोगों में भी चर्चा का विषय बन गया. तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर मामला क्या है.
जानकारी के अनुसार, महिला के खाते में अचानक 9 करोड़ 99 लाख 49 हजार 586 रुपये जमा हो गए. इस बात का खुलासा तब हुआ जब महिला के बेटे ने एटीएम से खाते का बैलेंस चेक किया. इतनी बड़ी रकम देखकर वह स्तब्ध रह गया और तुरंत परिवार को इसकी जानकारी दी. देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई.
महिला ने इस मामले पर ईमानदारी दिखाते हुए साफ कहा कि यह पैसा उसका नहीं है और वह इसे वापस करना चाहती है. उसने कहा कि वह किसी भी गलत तरीके से मिले पैसे को अपने पास नहीं रखना चाहती. जब इस मामले को लेकर बैंक ऑफ इंडिया की सुल्तानगंज शाखा के मैनेजर से बात की गई, तो उन्होंने इसे एक तकनीकी त्रुटि बताया. मैनेजर के अनुसार, महिला ने बैंक से पहले लोन लिया हुआ है और उसी से जुड़ी एंट्री में गलती के कारण खाते में इतनी बड़ी राशि दिखने लगी. उन्होंने यह भी कहा कि यदि महिला बैंक शाखा में आ जाती, तो तुरंत इस समस्या का समाधान कर दिया जाता.
फिलहाल, इस घटना ने बैंकिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोग सोचने पर मजबूर हैं कि अगर एक तकनीकी गलती से खाते में करोड़ों रुपये आ सकते हैं, तो इससे जुड़े जोखिम कितने बड़े हो सकते हैं. यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इससे जुड़ी हर नई जानकारी पर नजर बनाए हुए हैं.
रिपोर्टर: पुष्पेंद्र सिंह
ये भी पढ़ें: