Advertisement

पहाड़ों पर फिर करवट लेगा मौसम, हिमाचल के 5 जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

शिमला में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होती रही. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.

shimla weather
gnttv.com
  • शिमला,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:51 AM IST

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. प्रदेश के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश, तेज हवाएं और गर्जना के साथ मौसम खराब बना हुआ है. राजधानी शिमला में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होती रही. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं. वहीं शिमला और सिरमौर जिलों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई है. मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 मई तक प्रदेश के कई भागों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है.

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 11 और 12 मई के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की आशंका जताई गई है. वहीं सिरमौर जिले के लिए 12 और 13 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. विभाग का कहना है कि इन इलाकों में मौसम गतिविधियां और अधिक तेज हो सकती हैं.

हालांकि 14 से 16 मई के बीच मौसम की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है, लेकिन मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. प्रदेश में तापमान भी सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली चमकने के समय खुले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है. साथ ही किसानों और बागवानों को ओलावृष्टि को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है.

रिपोर्टर: विवेक शर्मा

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement