उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में इन दिनों थप्पड़ गैंग का खौफ तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है. यह गैंग रात के समय बाइक पर सवार होकर सुनसान सड़कों पर निकलता है और राह चलते लोगों को अचानक थप्पड़ या बेल्ट से मारकर फरार हो जाता है.
पीछे से आया और जड़ दिया जोरदार थप्पड़
ताजा मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के गऊशाला मोहल्ले का है. 7 अप्रैल की शाम दीपक नाम का युवक मंदिर से घर लौट रहा था. इसी दौरान बाइक पर सवार 2-3 युवक पीछे से आए और उसे अचानक जोरदार थप्पड़ मार दिया. दीपक के मुताबिक, थप्पड़ इतना तेज था कि उसकी नाक से खून निकलने लगा. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
यह पूरी घटना पास ही एक मकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक सवार युवक पीछे से आते हैं और राहगीर को थप्पड़ मारकर तुरंत भाग जाते हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत और बढ़ गई है.
पहले भी कर चुके हैं ऐसी हरकतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी यह गैंग कई लोगों को निशाना बना चुका है. कभी थप्पड़ मारना तो कभी बेल्ट से हमला करना. इनकी हरकतों से लोग डर के माहौल में जी रहे हैं.
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना के बाद पीड़ित दीपक ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके के लोग डरे हुए हैं. लोग शाम के बाद अकेले निकलने से बच रहे हैं. पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है, ताकि इस थप्पड़ गैंग के आतंक पर रोक लग सके.
-संदीप सैनी की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें