नैन्सी ग्रेवाल की मंगलवार देर शाम अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी. इस घटना की जानकारी आज उनके परिवार को मिली. वहीं नैन्सी की मां ने इस मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उनका कहना है कि पहले भी उनकी बेटी को जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं और दो महीने पहले उसके घर में आग भी लगा दी गई थी.
गुरुद्वारा साहिब के कुछ लोगों से थी दुश्मनी
नैन्सी ग्रेवाल की मां Shinder Pal Grewal ने बताया कि उनकी बेटी की गुरुद्वारा साहिब के कुछ लोगों के साथ दुश्मनी थी. उनका कहना है कि उनकी बेटी सच के रास्ते पर चलती थी और कुछ लोग चाहते थे कि वही हो जो वे कहें.
उन्होंने बताया कि नैन्सी ने गुरुद्वारा साहिब में कैमरे लगवाए थे क्योंकि वहां से राशन चोरी होने की शिकायतें मिलती थीं. लोगों की शिकायतों के बाद उनकी बेटी आगे आई, लेकिन उस समय उसका साथ देने वाला कोई नहीं था. इसी वजह से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी की कई लोगों से दुश्मनी हो गई. उससे माफी मांगने के लिए कहा गया, लेकिन उसने माफी नहीं मांगी. कई परिवारों से माफी मंगवाकर उसे डराने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह नहीं डरी. उनका आरोप है कि काउंटी रोड पर स्थित गुरुद्वारा साहिब के कुछ लोगों से दुश्मनी के चलते ही उसकी हत्या की गई है.
सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती थीं नैन्सी
नैन्सी की मां ने बताया कि उनकी बेटी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी. जब भी कोई व्यक्ति उसे गालियां देता था, तो वह सोशल मीडिया पर जाकर उसका जवाब देती थी. उन्होंने कहा कि जब लोग उनकी बेटी को गालियां देते थे, तब वह भी जवाब देती थी. हालांकि उन्होंने कई बार नैन्सी को समझाया था कि वह सोशल मीडिया पर इस तरह प्रतिक्रिया न दे.
नैन्सी की मां के अनुसार, उनकी बेटी पिछले तीन महीनों से सोशल मीडिया पर कोई वीडियो भी नहीं डाल रही थी. उन्होंने बताया कि नैन्सी पेशे से नर्स थी और दो कंपनियों में काम करती थी. वह रोज करीब 16 घंटे तक काम करती थी.
पेशेंट को देखने गई थी, वहीं कर दी गई हत्या
नैन्सी की मां ने बताया कि उसकी हत्या विंडसर के कस्बे लसाल में हुई. वह शाम को एक पेशेंट को देखने गई थी और जैसे ही पेशेंट के घर के बाहर निकली, वहीं उसकी हत्या कर दी गई. उनका कहना है कि यह हत्या साजिश के तहत की गई. जिस जगह घटना हुई, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था. मां के अनुसार, नैन्सी पर चाकू से हमला किया गया और उसके पेट में 18 बार चाकू मारा गया. बाद में यह भी पता चला कि उसकी जुबान भी काट दी गई थी. उन्होंने बताया कि जब पहली बार उस पर हमला हुआ तो गेट लॉक हो गया. इसके बाद जब वह जान बचाने के लिए जंगल की तरफ भागी, तो वहीं उसकी हत्या कर दी गई. मां का आरोप है कि यह काम नशा करने वाले लोगों का हो सकता है.
पहले भी हो चुके थे कई विवाद
नैन्सी की मां ने बताया कि उनकी बेटी के साथ पहले भी कई विवाद हो चुके थे. पहले गोल्ड से जुड़ा एक मामला सामने आया था. इसके बाद दो महीने पहले उसके घर में आग लगा दी गई थी.
उन्होंने बताया कि एक गरीब परिवार ने उनसे मदद मांगी थी और गोल्ड दिलवाने के लिए कहा था. नैन्सी ने जिस व्यक्ति से इस बारे में बात की थी, वही बाद में उसके खिलाफ हो गया. मां का आरोप है कि इसी गोल्ड विवाद के कारण उनके घर में आग लगाई गई थी. यह घटना करीब दो महीने पहले सुबह चार बजे हुई थी.
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
नैन्सी की मां ने बताया कि जब भी उनकी बेटी को धमकी मिलती थी या कोई धमकी भरा कागज घर के बाहर छोड़ा जाता था, तो वह तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाती थी. लेकिन उनके अनुसार पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. पुलिस केवल गुरुद्वारे में बैठे व्यक्ति को चेतावनी देकर वापस चली जाती थी.
पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया शव
नैन्सी की मां ने बताया कि उनकी बेटी का शव फिलहाल मुर्दाघर में रखा गया है और वह कल जाकर अपनी बेटी के शव को देखेंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने उनकी बेटी को मारा है, वे पहले भी उसे उसके घर पर नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुके थे. लेकिन घर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के कारण वे ऐसा नहीं कर पाए.
45 साल की थीं नैन्सी
नैन्सी की मां ने बताया कि उनकी बेटी की उम्र 45 वर्ष थी. तलाक होने के बाद उसने दोबारा शादी नहीं की. वह अपने काम को लेकर बहुत व्यस्त रहती थी और हमेशा काम में लगी रहती थी.
नैन्सी ग्रेवाल की मां Sundar Pal Grewal ने भारत और कनाडा की पुलिस और सरकार से सुरक्षा देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि उन्हें भी अब अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है, इसलिए उन्होंने दोनों देशों की सरकारों से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है.
(रिपोर्ट- देवेन्द्र कुमार)
ये भी पढ़ें