Diamond Found: किसान परिवार को मिला 6.54 कैरेट का चमकदार हीरा, करोना काल के बाद शुरू किया था काम और अब तक मिल चुके हैं 15 हीरे

पन्ना को देशभर में हीरों की नगरी के रूप में जाना जाता है. यहां की धरती से समय-समय पर ऐसे बहुमूल्य हीरे निकलते रहे हैं, जो कई लोगों की किस्मत बदल देते हैं. अब 6.54 कैरेट के इस नए हीरे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पन्ना की धरती आज भी अपने भीतर अनमोल खजाना समेटे हुए है.

Diamond Found At Panna
gnttv.com
  • पन्ना,
  • 22 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:20 AM IST

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर अपनी पहचान को साबित कर दिया है. पन्ना नगर के पास स्थित जरुआपुर गांव की उथली हीरा खदान से 6.54 कैरेट का उज्ज्वल किस्म का बेशकीमती हीरा मिला है. यह हीरा नोएडा निवासी मीणा सिंह की खदान से निकला है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है. हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है, जहां से इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा.

जरुआपुर की खदान से निकला बेशकीमती हीरा
जानकारी के मुताबिक, यह हीरा पन्ना नगर के समीप स्थित जरुआपुर गांव की निजी भूमि पर संचालित उथली खदान से मिला है. हीरा मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा शुरू हो गई है. 6.54 कैरेट का यह उज्ज्वल किस्म का हीरा अपनी गुणवत्ता और चमक के कारण खास माना जा रहा है. बताया गया कि मीणा सिंह के पति राणा सिंह वर्ष 2021 में कोरोना काल के बाद पन्ना आए थे. पन्ना की हीरा खदानों और यहां मिलने वाले बहुमूल्य रत्नों की कहानियों से प्रभावित होकर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में खदानें लगाना शुरू किया. उनकी मेहनत रंग भी लाई. जानकारी के अनुसार, अब तक उन्हें 15 छोटे-बड़े हीरे मिल चुके हैं. लगातार मिल रही सफलता ने उनके हीरा खोज अभियान को और मजबूत किया.

मजदूरों की मेहनत लाई बड़ी सफलता
खदान की देखरेख कर रहे मुनीम गौतम मिस्त्री ने बताया कि यह हीरा जरुआपुर स्थित खदान से प्राप्त हुआ है. उन्होंने बताया कि उनके मित्र राणा सिंह ने अपनी पत्नी मीणा सिंह के नाम पर हीरा कार्यालय से पट्टा बनवाकर खदान संचालित की थी. गौतम मिस्त्री के अनुसार, खदान में मजदूरों से लगातार उत्खनन कराया जा रहा था. लंबे समय की मेहनत के बाद एक बार फिर बड़ा हीरा मिलने में सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि खदान में नियमित काम और धैर्य ही ऐसी खोजों की सबसे बड़ी कुंजी है.

हीरा कार्यालय में जमा, अब होगी नीलामी
हीरा निरीक्षक नूतन जैन ने बताया कि 6.54 कैरेट का हीरा हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है. आवश्यक जांच और प्रक्रिया पूरी करने के बाद इसे आधिकारिक रूप से जमा कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि इस हीरे को आगामी हीरा नीलामी में रखा जाएगा. नीलामी के दौरान प्रयास रहेगा कि हीरे को अधिक से अधिक कीमत पर बेचा जाए, ताकि उसका उचित मूल्य प्राप्त हो सके.
 

(इनपुट- दिलीप शर्मा)

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED