सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग कई बार अपनी जान तक खतरे में डाल देते हैं. ऐसा ही एक मामला गुजरात के सूरत से सामने आया है, जहां एक युवक को सांप के साथ मस्ती करना भारी पड़ गया. बताया जा रहा है कि युवक सांप को पकड़कर उसके साथ वीडियो बना रहा था, तभी सांप ने पलटकर हमला कर दिया और युवक को काट लिया. राहत की बात यह रही कि सांप जहरीला नहीं था, वरना मामला गंभीर हो सकता था.
कमरे में घुसे सांप को पकड़ने लगा युवक
यह घटना सूरत के सचिन जीआईडीसी इलाके के सचिन-कनसाड रोड स्थित गोपाल नगर भरवाड़ वास की बताई जा रही है. वायरल वीडियो करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कमरे में घुसे सांप को एक युवक उसकी पूंछ पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश कर रहा है. हैरानी की बात यह रही कि युवक ने सुरक्षा के लिए कोई भी उपकरण नहीं पहना था. वह बिना किसी डर के सांप को कमरे से बाहर खींच लाया और फिर उसे पकड़कर आगे बढ़ने लगा.
अचानक सांप ने किया पलटवार
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि जैसे ही युवक सांप को लेकर चलने लगा, सांप ने अचानक पलटकर उसके पैर में काट लिया. सांप के काटते ही युवक घबराकर पीछे हटने लगा, लेकिन इसी दौरान सांप ने उस पर दोबारा हमला करने की कोशिश भी की. वीडियो बना रहे लोग युवक को लगातार ऐसा करने से मना कर रहे थे. बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने वाले लोग युवक के परिवार के सदस्य ही थे, जो उसे सांप से दूर रहने की सलाह दे रहे थे.
बहादुरी दिखाने के चक्कर में हुई बड़ी गलती
जानकारी के मुताबिक, भरवाड़ चाल इलाके में अचानक एक सांप निकल आया था, जिसे देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच स्थानीय निवासी जशेश भरवाड़ ने बिना किसी ट्रेनिंग या अनुभव के सांप को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी. युवक शायद बहादुरी दिखाना चाहता था, लेकिन यह कोशिश उसके लिए भारी पड़ गई. सांप के काटने के बाद युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया. जांच में पता चला कि सांप जहरीला नहीं था, जिसके बाद युवक और उसके परिवार ने राहत की सांस ली.
(रिपोर्ट- संजय सिंह राठौड़)
ये भी पढ़ें