छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के बिसरपानी गांव में मंगलवार रात डबल मर्डर की वारदात सामने आई. यहां 35 वर्षीय बाबूलाल मझवार ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी नईहारो मझवार और उसके प्रेमी 35 वर्षीय बेंजे बड़ा पर फावड़े से हमला कर दोनों की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि महिला और उसके प्रेमी के बीच काफी समय से संबंध थे. घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया.
रिश्तेदार के घर प्रेमी के साथ शराब पी रही थी महिला
बिसरपानी दारापारा निवासी बाबूलाल मझवार मंगलवार शाम खेत की ओर गया था. इसी दौरान उसके घर पर नहीं होने का फायदा उठाकर उसकी पत्नी नईहारो गांव में ही अपने रिश्तेदार सोमारू मझवार के घर पहुंच गई. कुछ देर बाद गांव का ही रहने वाला बेंजे बड़ा भी वहां पहुंच गया. दोनों घर के बगल में बने कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे. इसी बीच बाबूलाल खेत से वापस लौटा तो पत्नी घर पर नहीं मिली. इसके बाद वह उसे तलाशते हुए सोमारू के घर पहुंच गया.
सोमारू के घर पहुंचने पर बाबूलाल ने अपनी पत्नी और बेंजे बड़ा को कमरे में शराब पीते हुए देखा. दोनों कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में थे. यह देखकर बाबूलाल अपना आपा खो बैठा और दोनों से विवाद करने लगा. विवाद बढ़ने के बाद तीनों के बीच मारपीट शुरू हो गई. हालात बिगड़ते देख घर का मालिक सोमारू वहां से भाग गया.
फावड़े से किया ताबड़तोड़ हमला
इसी दौरान बाबूलाल ने वहां पड़े फावड़े से पत्नी नईहारो और उसके प्रेमी बेंजे बड़ा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में दोनों की मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद बाबूलाल मौके से फरार हो गया.बताया जा रहा है कि घटना के समय बाबूलाल भी शराब के नशे में था. बुधवार सुबह सोमारू मझवार अपने घर पहुंचा तो कमरे में दोनों की खून से सनी लाश पड़ी थी. दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज प्रजापति पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और विशेष जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया. वारदात के बाद से बाबूलाल मझवार गांव से फरार है. पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.
ये भी पढ़ें