महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के गडचांदूर शहर से चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. सीसीटीवी में कैद घटना के वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पेट्रोल पंप के कर्मचारी कैबिन में सो रहे है और इसी दौरान एक चोर खिड़की के रास्ते अंदर दाखिल हो जाता है. कैमरे में कैद हुई इस वारदात से लापरवाही के ऊपर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं.
कैबिन में दाखिल हुए चोर ने ड्रॉअर में रखी 1 लाख 2 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ किया और उसी रास्ते से फरार हो गया. हैरानी की बात है कि इस पूरी वारदात से समय किसी को भनक तक नहीं लगी. पुलिस के मुताबिक, फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है.
यह पूरा मामला गडचांदूर शहर के राजीव गांधी चौक स्थित पेट्रोल पंप का है. दरअसल 23 अगस्त की रात रोजाना का काम खत्म करने के बाद पेट्रोल पंप के तीन कर्मचारी कैबिन में सो रहे थे. इसी दौरान 24 अगस्त की मध्यरात्रि एक चोर पेट्रोल पंप की खिड़की के रास्ते कैबिन के अंदर दाखिल हुआ.
हैरानी की बात यह है कि कैबिन में तीन कर्मचारी मौजूद होने के बावजूद किसी को भी चोरी की भनक तक नहीं लगी. वीडियो में दिख रहा है कि चोर सो रहे कर्मचारियों को लांघता हुआ कमरे में चोरी की घटना को अंजाम दे रहा है. रात के समय इतना सन्नाटा रहता है कि सुई भी गिरी तो उसकी आवाज सुनाई देती है, लेकिन इस चोर ने इतनी साइलेंट चोरी को अंजाम दिया की सो रहे कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी.
चोर ने बड़ी आसानी से ड्रॉअर में रखी 1 लाख 2 हजार रुपए की नकदी निकाली और जिस रास्ते से अंदर आया था, उसी रास्ते से फरार हो गया. सुबह जब कर्मचारियों की नींद खुली तो उन्हें चोरी का पता चला. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. गडचांदूर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाले.
CCTV फुटेज में चोर की हरकतें स्पष्ट रूप से कैद हुई हैं. गडचांदूर पुलिस थाने के इंस्पेक्टर शिवाजी कदम ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल चोर फरार चल रहा है पर लोकेशन पता लग गई है. साथ ही जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा. पेट्रोल पंप का कोई कर्मचारी चोरी में शामिल तो नहीं था, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है.