scorecardresearch

Alwar: स्कूल प्रिंसिपल पर टेलर कैंची लेकर हुआ सीधा, खराब क्वालिटी यूनिफॉर्म की थी शिकायत... विवाद में फाड़ा युवक का सिर

स्कूल यूनिफॉर्म की क्वालिटी पर हुआ विवाद इस हद तक बढ़ गया कि टेलर ने प्रिंसिपल के ऊपर कैंची के हमला बोल दिया. जिससे युवक का सिर फट गया. प्रिंसिपल का कहना है कि सैंपल देने के बाद भी बनाई खराब यूनिफॉर्म.

Advertisement
हमले के बाद अस्पताल में भर्ती पीड़ित हमले के बाद अस्पताल में भर्ती पीड़ित

अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में घटिया क्वालिटी की स्कूल यूनिफॉर्म को लेकर टेलर और स्कूल संचालक के बीच विवाद हो गया. दोनों के बीच का विवाद इतना बढ़ गया कि टेलर ने स्कूल संचालक पर कैंची से हमला कर दिया. हमले में स्कूल प्रिंसिपल हेमसिंह राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसके बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. साथ ही घायल को तुरंत इलाज के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

हुआ कैंची से वार, ग्रांइडर से कटी उंगली

पुलिस ने बताया की वैशाली नगर स्थित निजी स्कूल के प्रिंसिपल हेमसिंह राजपूत ने काशीराम चौराहे पर किराए के मकान में रहने वाले टेलर राकेश शर्मा से यूनिफॉर्म की खराब क्वालिटी को लेकर शिकायत की थी. हेमसिंह सिंह राजपूत का कहना है कि यूनिफॉर्म के लिए जो सैंपल दिया गया था, यूनिफॉर्म उस क्वालिटी की थी ही नहीं.

शिकायत के बाद राकेश ने हेमसिंह को वैशाली नगर स्थित अपने गोदाम पर बुलाया. वहां दोनों के बीच कहासुनी हो गई. कहासुनी कुछ देर में विवाद में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान अचानक राकेश ने कैंची से हेमसिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया. बीच-बचाव के दौरान कपड़े काटने वाले ग्राइंडर की चपेट में आने से हेमसिंह की एक उंगली भी कट गई.

पुलिस कर रही मामले की जांच

हमले के बाद गंभीर हालत में उन्हें राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया. अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में घायल का इलाज जारी है. पीड़ित की शिकायत पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में बयान दर्ज किए गए हैं. घटना के बाद से आरोपी फरार है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगी सीसीटीवी कैमरे को भी चेक किया है.