होमगार्ड से होती बदसलूकी
होमगार्ड से होती बदसलूकी
यूपी के उन्नाव में होमगार्ड से मारपीट का मामला सामने आया है. इस वीडियो को सोशल मिडिया पर भी जमकर वायरल किया जा रहा है. वायरल वीडियो मे दो युवतियां होमगार्ड का कॉलर पकड़कर डंडे से उसकी पिटाई करती दिखाई दे रही है.
दरअसल होमगार्ड सड़कों पर गाड़ियों के आवागवन के लिए ई-रिक्शा को सड़क से किनारे हटवा रहा था. तभी ई-रिक्शे पर बैठी दो युवतियों ने होमगार्ड की पिटाई करनी शुरू कर दी. जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है. पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
वायरल वीडियो गंगाघाट कोतवाली का बताया जा रहा है. शनिवार दोपहर पोनी रोड तिराहे पर ई-रिक्शा हटवाने को लेकर यह घटना हुई. एक ऑटो चालक और दो युवतियों ने होमगार्ड सुरेश चंद्र से अभद्रता की और मारपीट कर उसकी डंडे से सरेआम पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
होमगार्ड सुरेश चंद्र गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के पोनी रोड तिराहे पर ड्यूटी कर रहा था. बताया गया कि सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े ई-रिक्शों के कारण एक एंबुलेस फंस गई थी. सुरेश चंद्र ई- रिक्शों को हटवाकर रास्ता साफ करा रहे थे. इसी दौरान बिंदानगर चौकी गली निवासी ऑटो चालक रंजीत अपनी बहनों के साथ वहां मौजूद था. होमगार्ड ने रंजीत से ऑटो हटाने को कहा.
आरोप है कि इसी बात पर रंजीत और उसकी बहनें नाराज हो गई और होमगार्ड से अभद्रता करने लगीं. विवाद बढ़ने पर एक युवती ने होमगार्ड का कॉलर पकड़ लिया, जबकि दूसरी ने डंडे से हमला कर दिया. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया.
घटना के बाद होमगार्ड सुरेश चंद्र ने सदर कोतवाली में तहरीर दी. पुलिस ने ऑटो चालक रंजीत और उसकी बहनों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस ने दोनों युवतियों को हिरासत में लेकर मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.