Lalitpur Rain Viral Video
Lalitpur Rain Viral Video
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में रविवार शाम हुई तेज बारिश के बाद ग्रामीण इलाकों में नदी-नाले उफान पर आ गए. कई जगह पुलों के ऊपर से पानी बहने लगा. इसके बावजूद कुछ लोग तेज बहाव के बीच भी पुल पार करने की कोशिश करते नजर आए. ऐसा ही एक मामला बानपुर थाना क्षेत्र के खिरिया छतारा गांव से सामने आया, जहां एक युवक बाइक लेकर उफनते नाले के पुल को पार करने लगा.
पुल के ऊपर से करीब 3 फीट बह रहा था पानी
खिरिया छतारा गांव के सैर नाले पर बने पुल के ऊपर बारिश का पानी करीब 3 फीट की ऊंचाई तक बह रहा था. पानी का बहाव काफी तेज था. इसके बावजूद एक युवक अपनी बाइक लेकर पुल पार करने के लिए आगे बढ़ गया. आसपास खड़े ग्रामीणों ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक बाइक समेत आगे बढ़ता रहा.
तेज बहाव में बाइक समेत बहने लगा युवक
पुल पार करने की कोशिश के दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और तेज बहाव उसे बाइक समेत अपनी चपेट में लेने लगा. देखते ही देखते बाइक पानी के बहाव में बहने लगी और युवक भी उसके साथ बहने लगा. मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
दूसरे युवक ने बचाने की कोशिश की
युवक को पानी में बहता देख वहां मौजूद एक अन्य युवक तुरंत मदद के लिए पहुंचा. उसने बाइक और युवक दोनों को बचाने की कोशिश की. हालांकि नाले का बहाव इतना तेज था कि बाइक को नहीं बचाया जा सका और वह पानी में बह गई. राहत की बात यह रही कि बाइक सवार युवक पानी में बहने से बच गया.
ग्रामीणों ने मोबाइल में कैद किया पूरा मामला
घटना के दौरान पुल के किनारे कई ग्रामीण मौजूद थे. उन्होंने अपनी आंखों के सामने युवक को बाइक समेत पानी में बहते देखा. इसी दौरान किसी ने पूरी घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ललितपुर में तेज बारिश के बाद कई ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है. ऐसे में पुल के ऊपर से तेज बहाव में पानी गुजरने के बावजूद उसे पार करने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है. खिरिया छतारा की यह घटना भी इसी लापरवाही का उदाहरण है.
(इनपुट- मनीष सोनी)
ये भी पढ़ें