Teen Girl Fights Back After Alleged Harassment
Teen Girl Fights Back After Alleged Harassment
यूपी के जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र में महिला सुरक्षा और साहस से जुड़ा मामला सामने आया है. यहां पिछले करीब तीन महीने से कथित तौर पर पीछा किए जाने और छेड़खानी से परेशान एक किशोरी ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई की. आरोप है कि युवक घर में घुसकर उसके साथ बदसलूकी करने की कोशिश कर रहा था. किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए उसका विरोध किया और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
3 महीने से पीछा करने का आरोप
कोंच कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली नाबालिग किशोरी का आरोप है कि नजर खान नाम का युवक पिछले तीन महीनों से उसका पीछा कर रहा था. वह कथित तौर पर आए दिन उस पर फब्तियां कसता और परेशान करता था. किशोरी के मुताबिक, उसने इस दौरान युवक के व्यवहार का विरोध भी किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया.
रात में दीवार फांदकर घर में घुसा
आरोप है कि बीती रात किशोरी घर में अकेली थी. इसी दौरान युवक दीवार फांदकर चुपचाप घर के अंदर घुस आया. किशोरी के मुताबिक, युवक ने उसके साथ अभद्र हरकत करने की कोशिश की. अचानक हुई इस घटना से वह पहले घबरा गई, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाकर आरोपी का विरोध किया.
किशोरी ने चप्पल उठाकर आरोपी की पिटाई शुरू कर दी. उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. इस दौरान स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद कोंच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर बताया कि मामले के संबंध में प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली कोंच को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: