बिजनौर में 70 साल के एक बुजुर्ग के साथ ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने कुछ ही मिनटों में भरोसा जीतकर सोने की अंगूठी अपने हाथ में कर ली. खास बात यह रही कि ठगों ने बुजुर्ग को विश्वास में लेने के लिए उन्हें रिश्तेदार बना लिया. ठगों ने उन्हें ‘मौसा जी’ कहा, साथ ही उनके पैर छुआए और आशीर्वाद भी लिया. इसके बाद अंगूठी का डिजाइन देखने के बहाने उसे अपने कब्जे में ले लिया.
70 वर्षीय सुभाष कुमार वर्मा बाजार से अपने घर का किराने का सामान लेने के लिए निकले थे. इसी दौरान रास्ते में दो युवक उनके पास पहुंचे. दोनों की नजर बुजुर्ग के हाथ में पहनी सोने की अंगूठी पर पड़ी. इसके बाद दोनों ने उन्हें अपने जाल में फंसाने की योजना बनाई.
एक ठग बुजुर्ग के पास पहुंचा और उन्हें पहचानने का दिखावा करते हुए बोला, 'मौसा जी, आप कैसे हैं? काफी दिन बाद मिले हैं.' अचानक किसी युवक का इस तरह रिश्तेदारी का हवाला देकर बात करना बुजुर्ग को आम लगा. इसके बाद युवक ने बातचीत को आगे बढ़ाते हुए कहा कि उसकी पत्नी बुजुर्ग के घर पर बैठी है और वह उसे घर छोड़कर किसी काम से बाजार आया है.
बातचीत करते हुए एक ठग ने अपने मोबाइल पर किसी की कॉल आने का नाटक किया. वह फोन पर ऐसी बातें करने लगा, जैसे उसे किसी को गिफ्ट में सोने की अंगूठी देनी हो. फोन रखने के बाद उसने बुजुर्ग से कहा कि उसे सोने की अंगूठी खरीदनी है और वह जानना चाहता है कि कौन सा ज्वेलर्स अच्छा रहेगा.
इसके बाद आरोपी ने अपने साथ आए युवक से कहा कि 'मौसा जी के पैर छुओ.' साथी ने बुजुर्ग के पैर छुए. बुजुर्ग ने भी उसे आशीर्वाद दिया. इस पूरे व्यवहार से बुजुर्ग का दोनों युवकों पर भरोसा और बढ़ गया.
भरोसा बनने के बाद आरोपी ने बुजुर्ग के हाथ में पहनी अंगूठी की तरफ इशारा किया और कहा कि अंगूठी काफी अच्छी है. उसने बुजुर्ग से अंगूठी उतारकर उसका डिजाइन देखने के लिए मांगी. बुजुर्ग ने अंगूठी उतारकर उसे दे दी. आरोपी ने कुछ देर तक अंगूठी को देखा और फिर उसे वापस बुजुर्ग के हाथ में दे दिया. इससे बुजुर्ग को किसी तरह का शक नहीं हुआ. इसके बाद आरोपी ने दोबारा अंगूठी मांगी. उसने कहा कि वह एक बार फिर उसका डिजाइन ठीक से देखना चाहता है. इस बार बुजुर्ग ने फिर अंगूठी उतारकर उसे दे दी.
अंगूठी हाथ में आने के बाद आरोपी ने बुजुर्ग से कहा कि उसकी पत्नी उनके घर पर ही है. उसने बुजुर्ग से घर जाने को कहा और बताया कि वह अंगूठी का डिजाइन ज्वेलर्स को दिखाकर सीधे उनके घर पहुंच जाएगा. लेकिन घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपनी पत्नी से उस महिला के बारे में पूछा, जिसके बारे में युवक ने कहा था कि वह घर पर बैठी है, तो वहां कोई महिला नहीं मिली.
यहीं बुजुर्ग को समझ आया कि उनके साथ धोखा हो चुका है और दोनों युवक उनकी अंगूठी लेकर चले गए हैं. इसके बाद सुभाष कुमार वर्मा ने 13 सितंबर को शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश की. पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान विनोद कुमार शर्मा निवासी गोजानी, थाना रामनगर, नैनीताल और कालीचरण निवासी दोहरिया, थाना नवाबगंज, बरेली के नाम सामने आए. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.