देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. दरअसल 1 सितंबर को ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई गई है. वहीं, छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का भी अनुमान है. उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से लेकर पूर्वोत्तर और पश्चिमी तट तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है.
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक अच्छी तरह चिह्नित कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. जिससे नॉर्थ ईस्ट से लेकर पूर्वी यूपी तक बारिश की आशंका है.
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली- एनसीआर में 1 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है. आईएमडी के अनुसार 1 से 2 सितंबर तक इन क्षेत्रों में छिटपुट से लेकर भारी बारिश हो सकती है. वहीं 2 से 5 सितंबर के बीच दिल्ली-हरियाणा-पंजाब में भारी बारिश की संभावना ज्यादा है.
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में 1 सितंबर को मानसून सक्रिय रहने वाला है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हल्की-फुलकी बारिश की संभावना है. आईएमडी के अनुसार पश्चिमी यूपी में 1 से 6 सितंबर और पूर्वी यूपी में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं.
बिहार
बिहार में 1 सितंबर को भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. राज्य में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान जताया गया है. बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने वाला है. खासकर बंगाल से सटे जिलों पर ज्यादा असर पड़ता दिखाई दे रहा है.
झारखंड
झारखंड में भी 1 सितंबर को मौसम खराब रहने की संभावना है. आईएमडी ने राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. इसके बाद भी कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है. बिजली गिरने की भी संभावना है तो बिना करण खुले स्थानों पर न घूमें.
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में 1 सितंबर को बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है. आईएमडी ने यहां भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से हवा चलने की भी चेतावनी दी गई है.
ओडिशा
ओडिशा में 1 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है. कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक 1 सितंबर को हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पश्चिम बंगाल
गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भी 1 सितंबर को बारिश का असर रहेगा. इसके पीछे बंगाल की खाड़ी और आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव अहम माना जा रहा है. यह सिस्टम अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है. इसी कारण बंगाल से सटे राज्यों पर भी इसका असर पड़ता आज दिखाई देगा.
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 1 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है. इसके बाद 2 से 5 सितंबर के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ सकता है. वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 31 अगस्त से 5 सितंबर के बीच बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
उत्तराखंड
उत्तराखंड में 1 सितंबर को भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. आईएमडी ने बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. पहाड़ी इलाकों में बारिश के दौरान यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में 31 अगस्त से 3 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में रहने और यात्रा करने वाले लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है.
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 1 से 2 सितंबर के बीच कई जगह बारिश की संभावना है. 1 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं जल जमाव जैसी स्थिति भी बनी रह सकती है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 अगस्त से 6 सितंबर तक कई जगह बारिश का दौर जारी रहने वाला है. 1 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में भी 1 से 6 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
दक्षिण भारत
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधि अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है. हालांकि स्थानीय स्तर पर कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. आईएमडी के सितंबर आउटलुक के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें