देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होती दिख रही हैं. 2 सितंबर 2026 को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने कई जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आंधी की संभावना जताई है. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और रास्तों पर असर पड़ने की आशंका भी बनी हुई है.
मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में बना अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र है. आईएमडी के मुताबिक यह सिस्टम अगले 48 घंटे में उत्तर ओडिशा और झारखंड की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है. इसके अलावा मानसून ट्रफ भी उत्तर भारत के कई हिस्सों से होकर गुजर रही है.
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के गंगीय हिस्से में 2 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. वहीं गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज-चमक और तेज हवाओं का भी पूर्वानुमान भी जारी किया गया है. पश्चिम बंगाल में भी 1 और 2 सितंबर को भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. यहां बन रहे निम्न दबाव के कारण यहां तो जमकर बारिश होगी ही, लेकिन आस-पास के इलाकों में भी इसका असर देखने को मिलेगा.
दिल्ली- एनसीआर
दिल्ली और एनसीआर में 2 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है. आईएमडी के अनुसार 2 सितंबर को दिल्ली-हरियाणा-चंडीगढ़ क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट है. 3 और 4 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 2 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की चेतावनी है. पश्चिमी हिस्से में 3, 4 और 5 सितंबर को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है.
बिहार
बिहार में 2 सितंबर को बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. आईएमडी ने 2 से 4 सितंबर के दौरान भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है. इसी के साथ कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार आंधी-तूफान जैसी रह सकती है.
उत्तराखंड
उत्तराखंड में 2 सितंबर को मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है. आईएमडी ने बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. 3 से 8 सितंबर तक भी राज्य में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ सकती है.
हरियाणा
हरियाणा में 2 सितंबर को भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है. 3 और 4 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना है, जबकि 5 सितंबर को भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
पंजाब
पंजाब में 2 सितंबर को बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं आईएमडी ने 2 से 5 सितंबर के बीच राज्य में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है.
राजस्थान
राजस्थान के पूर्वी हिस्से में 2 सितंबर को गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. हालांकि 2 सितंबर के लिए बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. पूर्वी राजस्थान में 4 और 5 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पश्चिमी राजस्थान में 2 सितंबर को कोई चेतावनी नहीं है.
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में 2 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहेगा और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. आईएमडी ने पूर्वी मध्य प्रदेश में 1 से 4 सितंबर के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है.
छत्तीसगढ़
वहीं छत्तीसगढ़ में 2 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. इसके साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी है. 3 सितंबर को भी बारिश का दौर बना रहेगा.
झारखंड
झारखंड में 2 सितंबर को बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी. आईएमडी के अनुसार 1 और 2 सितंबर को राज्य में भारी बारिश की संभावना है. 1 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई थी.
ओडिशा
ओडिशा में 2 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है. आईएमडी के अनुसार 2 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. 3 से 5 सितंबर के बीच भी गरज-चमक की संभावना बनी हुई है.
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के विदर्भ में 2 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. वहीं मराठवाड़ा में 2 और 3 सितंबर को गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश जारी
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 2 सितंबर को बारिश का दौर जारी रहने वाला है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में भारी बारिश हो सकती है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
दक्षिण भारत में भी कई जगह बारिश
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी बारिश का असर रहेगा. केरल और माहे में 2 से 4 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश की संभावना है, जबकि तटीय कर्नाटक में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें