विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. का नारा लॉन्च हो गया है. मुंबई में शुक्रवार को I.N.D.I.A. गठबंधन के दूसरे दिन की बैठक में इसका एलान किया गया. कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर 'जुड़ेगा भारत, जीतेगा INDIA' का नारा पोस्ट करते हुए लिखा- 'INDIA गठबंधन की बैठक देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने की ओर एक मजबूत कदम है.'
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अमान्य विवाह से पैदा हुए बच्चों को भी उनके माता-पिता की पैतृक संपत्ति में हक मिलेगा. करीब 11 साल पुराने एक मामले का निपटारा करते हुए शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को यह व्यवस्था दी. हिंदू मैरिज एक्ट की धारा 16(3) का दायरा बढ़ाते हुए चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जे बी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने यह फैसला सुनाया है.
केंद्र सरकार ने 'एक देश-एक चुनाव' को लेकर एक समिति का गठन किया है. पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समिति के अध्यक्ष होंगे. समिति के सदस्यों के नाम का अभी खुलासा नहीं हुआ है. ऐसी चर्चा है कि पूर्व सीजेआई, पूर्व कैबिनेट सचिव और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त इस समिति के सदस्य हो सकते हैं. इस बीच बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में पूर्व राष्ट्रपति कोविंद से मुलाकात की है.
एक देश-एक चुनाव बिल को लेकर विपक्ष में खलबली मची हुई है. कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने बिल लाने के समय पर सवाल उठाया है. मोदी सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है. माना जा रहा है कि सरकार विशेष सत्र में 'एक देश एक चुनाव' पर बिल ला सकती है. अगर बिल पास हो गया तो लोकसभा और विधानसभा में एक साथ चुनाव हो सकते हैं.
सिंगापुर में 12 साल में हुए पहले राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय मूल के थर्मन शनमुगरत्नम ने जीत हासिल कर ली है. सिंगापुर में जन्मे भारतीय मूल के शनमुगरत्नम के दादा तमिलनाडु से सिंगापुर जाकर बस गए थे. राष्ट्रपति चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान हुए, जिसमें पूर्व मंत्री थर्मन को जीत मिली है.
अभिनेता आर माधवन को भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (FTII) का प्रेसिडेंट और गवर्निंग काउंसिल का चेयरमैन चुना गया है. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर आर माधवन को बधाई और शुभकामना दी है.
सुप्रीम कोर्ट ने RJD के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह को डबल मर्डर केस में उम्रकैद की सजा सुनाई है. सुप्रीम कोर्ट उन्हें पहले ही दोषी करार दे चुका था. प्रभुनाथ सिंह बिहार की महाराजगंज लोकसभा सीट से तीन बार जदयू और एक बार आरजेडी के टिकट पर सांसद रह चुके हैं. उनपर साल 1995 में मसरख के एक मतदान केंद्र के पास दो लोगों की हत्या का आरोप है. बताया जाता है कि इन दोनों ने प्रभुनाथ सिंह समर्थित उम्मीदवार को वोट नहीं किया था, इसलिए दोनों की हत्या कर दी गई.
महंगाई से परेशान आम जनता को एक और बड़ी राहत मिली है. तेल कंपनियों ने शुक्रवार यानी एक सितंबर से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 157 रुपए की कटौती की है. अगस्त महीने में भी ऑयल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपए की कटौती की थी. वहीं पिछले हफ्ते घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 200 रुपए की कटौती हुई थी.
नौसेना का नया जंगी जहाज महेंद्रगिरी शुक्रवार को समंदर में उतर गया. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की पत्नी सुदेश धनखड़ ने मुंबई में युद्धपोत को लॉन्च किया. युद्धपोत महेंद्रगिरी का निर्माण मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने किया है. ओडिशा में पूर्वी घाट की पहाड़ी चोटियों के नाम पर इस युद्धपोत का नाम महेंद्रगिरी रखा गया है. इस युद्धपोत में लगे 75 फीसदी उपकरण पूरी तरह से स्वदेशी है. यह प्रोजेक्ट 17A का सातवां जहाज है.
जया वर्मा सिन्हा ने शुक्रवार को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और सीईओ का चार्ज ग्रहण कर लिया. भारतीय रेल और रेलवे बोर्ड के 166 साल के इतिहास में पहली बार इस पद पर किसी महिला की नियुक्ति हुई है. जया ने अनिल कुमार लाहोटी की जगह ली है और उनका कार्यकाल 31 अगस्त, 2024 तक होगा. 1986 बैच की आईआरटीएस अफसर जया वर्मा सिन्हा ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पढ़ाई की हैं.
भारत के पहले सूर्य मिशन आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. Aditya-L1 श्रीहरिकोटा स्पेस स्टेशन से PSLV-XL रॉकेट की मदद से शनिवार सुबह 11.50 बजे लॉन्च होगा. ISRO की वेबसाइट, इसके फेसबुक पेज, यूट्यूब चैनल के साथ साथ डीडी नेशनल टीवी चैनल पर सुबह 11:20 बजे से लॉन्च का सीधा प्रसारण किया जाएगा. सूर्य तूफान से लेकर सूर्य से निकलनेवाली किरणों के अध्ययन के लिए ये मिशन काफी अहम है. आदित्य एल 1 मिशन का बजट करीब 400 करोड़ रुपए है.
मोदी सरकार में मंत्री कौशल किशोर के लखनऊ स्थित घर में एक युवक की हत्या हो गई. युवक का खून से लथपथ शव शुक्रवार तड़के एक कमरे में बेड के पास मिला. इस युवक के सिर पर करीब से गोली मारी गई है. मृतक का नाम विनय श्रीवास्तव है जो मंत्री के बेटे विकास किशोर ऊर्फ आशु का दोस्त था. लखनऊ के दुबग्गा इलाके में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर का एक मकान है इस मकान में कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के कुछ साथी रहा करते थे.
शक्तिशाली समुद्री तूफान साओला के डर से चीन के दक्षिणी प्रांत गुआंगडोंग में शुक्रवार को सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. यहां कई शहरों में व्यावसायिक प्रतिष्ठान, स्कूल और बाजार बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा है. तूफान करीब 200 किलोमीटर की स्पीड से तटीय इलाकों की तरफ बढ़ रहा है और शुक्रवार देर रात या शनिवार तड़के इसके गुआंगडोंग में लैंडफॉल करने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि साओला तूफान 1949 से लेकर गुआंगडोंग में अबतक आए 5 सबसे ताकतवर तूफानों में से एक हो सकता है.
विश्व चैंपियन और जेवलिन थ्रोवर नीरज चोपड़ा को ज्यूरिख डायमंड लीग में दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा है. गुरुवार रात खेले गए मुकाबले में नीरज ने 85.71 मीटर थ्रो के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया. यह पहली बार है जब नीरज इस सीज़न में किसी प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर आए हैं. उन्होंने हाल में विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड जीता है, वहीं विश्व चैंपियनशिप में कांस्य जीतने वाले चेक रिपब्लिक के जाकुब वादलेच ने 85.86 मीटर के बेस्ट अटेम्प्ट के साथ पहला स्थान हासिल किया.