Advertisement

UP Board: मार्कशीट फाड़ो, 1 लाख का इनाम पाओ... यूपी बोर्ड ने दी चुनौती

यूपी बोर्ड छात्र हित में हर साल नए बदलाव करते नजर आ रही है. इस बोर्ड ने ऐसा मार्कशीत बनाया है, जो फाड़ने से भी नहीं फटेगा. बोर्ड का कहना है कि अगर किसी न फाड़ दिया, तो उसे 1 लाख का इनाम दिया जाएगा.

यूपी बोर्ड
gnttv.com
  • प्रयागराज,
  • 19 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:40 PM IST

कभी अपनी छवि और पहचान को लेकर सवालों से जूझने वाला यूपी बोर्ड अब हर साल शिक्षा और परीक्षा की गुणवत्ता में सुधार करता नजर आ रहा है. शिक्षा से लेकर बोर्ड परीक्षा तक, कई अभिनव प्रयोग किए गए हैं जो दूसरे बोर्डों के लिए मिसाल बन रहे हैं. अब परीक्षा के बाद दी जाने वाली मार्कशीट के मामले में भी यूपी बोर्ड ने देश के अन्य बोर्डों और विश्वविद्यालयों को पीछे छोड़ दिया है. आखिर इस नई मार्कशीट में ऐसी क्या खास बात है, जानिए आनंद राज की प्रयागराज से रिपोर्ट.

मार्कशीट को फाड़ने वाले को मिलेगा 1 लाख रुपए 
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के कार्यालय में रखी ये मार्कशीट कोई साधारण दस्तावेज नहीं है. यह ऐसी मार्कशीट है जिसकी नकली कॉपी बनाना लगभग असंभव है. इतना ही नहीं, इसे फाड़ पाना भी बेहद कठिन है. सचिव भगवती सिंह ने तो यहां तक कहा है कि जो कोई इसे हाथ से फाड़कर दिखा दे, उसे 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. इनाम की घोषणा के बाद कई लोगों ने कोशिश की, लेकिन अब तक कोई सफल नहीं हो सका.

वे बताते हैं कि यह मार्कशीट पानी में भी खराब नहीं होगी. जरूरत पड़ने पर इसे पानी और साबुन से धोया भी जा सकता है. यह न तो साधारण कागज से बनी है और न ही इसे लैमिनेशन की जरूरत है. उनका दावा है कि यह मार्कशीट 70 से 80 साल तक सुरक्षित रह सकती है, यानी जीवन भर और उसके बाद भी इसकी मजबूती बनी रहेगी.

2025 से नई शुरुआत
भगवती सिंह के अनुसार, यूपी बोर्ड ने वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा से इस नई प्रकार की मार्कशीट जारी करना शुरू किया है. उनका कहना है कि इतनी खूबियों वाली मार्कशीट फिलहाल किसी अन्य बोर्ड या विश्वविद्यालय के पास नहीं है. कई बोर्ड और विश्वविद्यालय इस तकनीक और आइडिया के बारे में जानकारी मांग चुके हैं.

धूप से होगी असली-नकली की पहचान
इस मार्कशीट में एक अनोखा सुरक्षा फीचर भी जोड़ा गया है. यदि इसे एक मिनट तक धूप में रखा जाए तो इसमें लाल रंग का माध्यमिक शिक्षा परिषद का लोगो चमकने लगता है. छाया में लाने के दो मिनट बाद यह लोगो गायब हो जाता है. इस तरह कोई भी व्यक्ति धूप में रखकर आसानी से असली और नकली मार्कशीट की पहचान कर सकता है. दरअसल, इसमें यूवी फीचर्स का उपयोग किया गया है.

53 लाख छात्रों के लिए खास तोहफा
बोर्ड सचिव के मुताबिक, इस मार्कशीट को और बेहतर बनाने का काम लगातार जारी है. इस वर्ष यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुए 53 लाख छात्रों के लिए यह मार्कशीट एक खास तोहफा है, जो उन्हें जीवन भर अपने परीक्षा के दिनों की याद दिलाती रहेगी.

(रिपोर्ट- आनंद राज)

ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement