उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने वाली योगी सरकार के बीच झांसी से एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसने पुलिस को तुरंत कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक युवक कार के अंदर तमंचा लहराते हुए दिखाई दिया. वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और कुछ ही समय के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
10 सेकेंड के वीडियो ने मचाई हलचल
वायरल वीडियो करीब 10 सेकेंड का बताया जा रहा है. वीडियो में एक युवक गले में नारंगी रंग का गमछा डाले कार के अंदर बैठा नजर आता है. उसके हाथ में एक तमंचा दिखाई देता है, जिसमें वह कारतूस भरता हुआ नजर आता है. इसके बाद युवक तमंचे को लहराता है और कार चला रहे व्यक्ति की कनपटी पर लगा देता है. वीडियो का अंदाज ऐसा था मानो वह हथियार का प्रदर्शन कर रहा हो. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इसे गंभीरता से लिया और पुलिस तक मामला पहुंच गया.
जांच में सामने आया पूरा मामला
वीडियो की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मामला झांसी जिले के मोंठ थाना क्षेत्र का है. इसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान शुरू की. जांच में युवक की पहचान अमित वर्मा के रूप में हुई, जो मोंठ क्षेत्र का रहने वाला है. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से तमंचा भी बरामद किया गया.
गिरफ्तारी के बाद निकली सारी हेकड़ी
सोशल मीडिया पर हथियार के साथ दबंगई दिखाने वाला युवक पुलिस की गिरफ्त में आते ही पूरी तरह बदला हुआ नजर आया. गिरफ्तारी के बाद उसका एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगता दिखाई दिया. पुलिस के सामने युवक ने कहा कि उसने गलती की है और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करेगा. जिस अंदाज में वह वीडियो में तमंचा लहरा रहा था, गिरफ्तारी के बाद उसकी वही हेकड़ी गायब दिखाई दी.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मोंठ थाना प्रभारी राजेश पाल के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया था. तकनीकी और स्थानीय जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
हथियारों के प्रदर्शन पर पुलिस की सख्ती
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना और कानून को चुनौती देने जैसी हरकतें किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. झांसी पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के प्रति सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर इस तरह की दबंगई दिखाने की कोशिश न करे.
(रिपोर्ट- प्रमोद कुमार गौतम)
ये भी पढ़ें