Advertisement

UP का करंट वाला इलाज, रोज शराब पीकर आता था पति, परेशान पत्नी ने चारपाई से बांधकर दे दिया करंट का झटका, पुलिस ने दर्ज किया मामला

यूपी के फतेहपुर में शराब को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी पर पति को चारपाई से बांधकर पीटने और करंट लगाने का आरोप लगा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में लिया है.

Fatehpur, UP husband-wife Domestic Violence news
gnttv.com
  • फतेहपुर,
  • 07 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:36 AM IST

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा घरेलू विवाद हिंसक घटना में बदल गया. पुलिस के मुताबिक, पति की शराब पीने की आदत को लेकर दोनों के बीच अकसर कहासुनी होती थी. पत्नी कई बार उन्हें समझाती रही और शराब छोड़ने के लिए कहती रही, लेकिन पति की आदत नहीं बदली. रविवार रात दोनों के बीच विवाद पहले से ज्यादा बढ़ गया, जिसके बाद मामला ने गंभीर रूप ले लिया.

चारपाई से बांधकर मारपीट और करंट लगाने का आरोप
मामला औंग थाना क्षेत्र के परसदेवपुर गांव का है. सोमवार सुबह डायल-112 पर पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संजीव तिवारी को जिला अस्पताल पहुंचाया. संजीव ने पुलिस को बताया कि रविवार रात उनकी पत्नी ने उन्हें चारपाई से बांधकर बंधक बना लिया और बेरहमी से मारपीट की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी ने बिजली के तार से उन्हें करंट भी लगाया. जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने संजीव के सिर पर गंभीर चोटें पाईं. उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

भाई की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
घायल की हालत में कुछ सुधार आने के बाद उसके भाई ने आरोपी महिला के खिलाफ थाने में तहरीर दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया. इसके बाद आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है.

एसपी ने बताई घटना की पूरी जानकारी
फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में संजीव तिवारी ने बयान दिया कि उनकी पत्नी ने उन्हें बांधकर मारपीट की और बिजली का करंट भी लगाया. उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होता था, लेकिन रविवार रात विवाद ज्यादा बढ़ गया. इसी दौरान कथित तौर पर पत्नी ने पति को चारपाई से बांध दिया, मारपीट की और करंट लगाया. पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है.

(रिपोर्ट- नितेश श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement