उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर अभी 6 महीने का वक्त है. लेकिन सियासी दलों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं. सियासी दल आधी आबादी को लुभाने में जुटे गए हैं. एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकनाट्य अहिल्याबाई योजना की शुरुआत की और 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए आजीवन मुफ्त बस सेवा शुरू की तो समाजवादी पार्टी ने स्त्री सम्मान समृद्धि योजना का वादा किया है.
हर साल 40 हजार की मदद का ऐलान-
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की जनता से बड़ा वादा किया है. पार्टी ने आधी आबादी को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है. पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव समेत तमाम महिला सांसदों की मौजूदगी में पार्टी ने स्त्री सम्मान समृद्धि योजना का ऐलान किया. सांसद डिंपल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो इस योजना की शुरुआत की जाएगी. इसके तहत हर साल महिलाओं को 40 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी.
डिंपल यादव ने कहा कि यह सिर्फ 40 हजार रुपए तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि साल दर साल इसमें बढ़ोतरी भी की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 5 प्रमुख स्तंभों पर काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मोबाइल, लैपटॉप, पैसा, पाठशाला और ट्रेनिंग जैसे माध्यमों के जरिए महिला सशक्तिकरण पर काम किया जाएगा.
बिना आधी आबादी के तरक्की अधूरी- अखिलेश यादव
इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बिना आधी आबादी की हमारी तरक्की अधूरी है. पहले भी समाजवादी सरकार में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के जो फैसले लिए गए थे, आज भी यूपी सरकार के लिए और देश के लिए उदाहरण बने हैं.
अखिलेश यादव ने कहा कि आज स्त्री सम्मान समृद्धि योजना को मेनिफेस्टो में लाने का काम करेंगे. वहीं, उनकी सुरक्षा को लेकर कोई भी समझौता समाजवादी सरकार में नहीं होगा. उन्होंने कहा कि आज भरोसा दिलाया हूं, जहां स्त्री सम्मान समृद्धि योजना लागू की जाएगी, ये आधी आबादी की पूरी आजादी का संकल्प है और मैं हर साल उनको 40 हजार रुपए देकर उनको आगे बढ़ाने का काम करूंगा.
ये भी पढ़ें: