Kaushambi: सात बच्चों की मां समधी संग हुई फरार, पीड़ित पति ने थाने में लगाई न्याय की गुहार

यूपी के कौशांबी में सात बच्चों की मां के अपने ही समधी के साथ कथित तौर पर घर छोड़ने के फरार होने का मामला सामने आया है. पीड़ित पति की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सात बच्चों की मां फरार
अखिलेश कुमार
  • कौशाम्बी,
  • 16 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:24 PM IST

रिश्तों की मर्यादा को लेकर अकसर समाज में कई बातें कही जाती हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से सामने आए एक मामले ने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां सात बच्चों की मां के कथित तौर पर अपने ही समधी के साथ भाग जाने का मामला सामने आया है. महिला के पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि उसका समधी उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. शिकायत के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

13 जुलाई को अचानक घर से लापता हुई महिला
यह मामला कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव का है. पीड़ित इंद्रराज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 13 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई. काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया.

पीड़ित का आरोप है कि मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी उसका समधी राकेश कुमार उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. शिकायत में कहा गया है कि जब उन्होंने राकेश कुमार से पत्नी के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की. इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देते हुए यह भी कहा कि महिला अब उसके साथ पत्नी की तरह रह रही है और उनका कुछ नहीं बिगाड़ा जा सकता.

पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी, जांच शुरू
मामले की शिकायत मिलने के बाद कोखराज थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल महिला की तलाश की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल महिला का पता लगाने का प्रयास जारी है. मामले को लेकर इलाके में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED