हवाई जहाज में सफर के दौरान लोग आमतौर पर अपनी सीट पर बैठकर चुपचाप यात्रा करते नजर आते है. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने विमान के अंदर खाने-पीने और सार्वजनिक जगहों पर व्यवहार कैसे करें इसको लेकर नई बहस छेड़ दी है. सीधे तौर पर कहें तो सिविक्स सेंस पर सवाल खड़ा हो गया है. दरअसल, वीडियो में एक भारतीय परिवार फ्लाइट के अंदर ही घर से लाया हुआ खाना निकालकर आपस में बांटता और खाता नजर आ रहा है. प्लेटों में ढोकला, थेपला और कई दूसरी खाने की चीजें दिखाई दे रही हैं. परिवार के लोग अपने-अपने सीटों पर एक साथ खाना खा रहे हैं और एक महिला प्लेट लेकर परिवार के दूसरे सदस्यों तक जाती हुई दिखाई देती है.
वीडियो सामने आने के बाद मामला सिर्फ फ्लाइट में खाना खाने तक सीमित नहीं रहा. घर से लाया खाना, खाना फिर भी ठीक था, लेकिन लोगों को बांटने पर लोग सवाल उठाने लगे. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे नॉर्मल व्यवहार बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि विमान जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह खाने-पीने और केबिन में घूमने से दूसरे यात्रियों को परेशानी हो सकती है.
वीडियो में क्या दिखा
वायरल हो रहा यह वीडियो इंडिगो की फ्लाइट का बताया जा रहा है. इसमें एक परिवार के कई सदस्य एक साथ बैठे हुए नजर आते हैं. उनके पास घर से लाया हुआ खाना मौजूद है. एक महिला प्लेटों में खाना लेकर परिवार के दूसरे सदस्यों तक पहुंचाती दिखाई देती है. वीडियो में परिवार के साथ एक बड़ा बैग भी नजर आता है. बताया गया है कि खाने के बाद निकलने वाला कूड़ा उसी बैग में जमा किया जा रहा था. यानी परिवार ने खाने के बाद कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय उसे एक जगह जमा कर दिया.
करीब 15 लोग एक साथ खाना खाते दिखे
वीडियो शेयर करने वाले एक यूजर के मुताबिक, परिवार के करीब 15 लोग एक साथ खाना खा रहे थे. दावा किया गया कि कुछ लोग प्लेट लेकर विमान के केबिन में इधर-उधर भी घूम रहे थे. इसी वजह से यह पूरा दृश्य दूसरे यात्रियों और सोशल मीडिया यूजर्स के ध्यान में आ गया. वीडियो में खाने की प्लेटों में ढोकला, थेपला और दूसरे नाश्ते के सामान दिखाई दे रहे हैं. परिवार के लोगों का इस तरह घर का खाना निकालकर साथ बैठकर खाना ही वीडियो का मुख्य हिस्सा है.
नागरिक शिष्टाचार को लेकर उठे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने परिवार के व्यवहार पर सवाल खड़े किए. उनका कहना था कि विमान में एक साथ कई यात्री सफर करते हैं और ऐसे में सभी को आसपास मौजूद लोगों की सुविधा का ध्यान रखना चाहिए.
एक यूजर ने दावा किया कि खाने की खुशबू पूरी यात्रा के दौरान दूसरे यात्रियों को परेशान कर सकती है. एक अन्य यूजर ने परिवार के इस व्यवहार को नागरिक शिष्टाचार की कमी से जोड़ते हुए कहा कि विमान के अंदर कैफेटेरिया जैसा माहौल नहीं बनाया जाना चाहिए.
कुछ लोगों ने परिवार का किया बचाव
हालांकि, सोशल मीडिया पर सभी लोग परिवार के खिलाफ नजर नहीं आए. कुछ यूजर्स ने उनके समर्थन में भी अपनी बात रखी. उनका तर्क था कि अगर विमान में एयरलाइन की ओर से खाना परोसा जाता है और उसकी खुशबू पूरे केबिन में फैलती है, तो घर से लाए गए भारतीय खाने की खुशबू को ही परेशानी का कारण मानना ठीक नहीं है.
कुछ लोगों ने यह भी कहा कि विमान में खाना ले जाना अपने आप में गलत नहीं है. ऐसे में सिर्फ घर का खाना खाने की वजह से परिवार को निशाना बनाना सही नहीं माना जा सकता.
मजाकिया अंदाज में कह डाली बड़ी बात
वायरल वीडियो पर कुछ लोगों ने गंभीर बहस के बजाय मजाकिया अंदाज में भी प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने लिखा कि गुजराती लोगों को दो चीजों की इच्छा पर काबू नहीं होता, पहला कहीं भी गरबा करना और हर जगह खाना खाना. इसी टिप्पणी में अचार और चटनी जैसी चीजों को भी हर जगह साथ ले जाने को लेकर मजाक किया गया. इस तरह वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग नजर आईं.
खाने से ज्यादा व्यवहार बना चर्चा का मुद्दा
ढोकला और थेपला का डिब्बा खोलकर खाना देखने में भले ही एक सामान्य बात लगे, लेकिन विमान के अंदर ऐसा करने के तरीके ने इसे सोशल मीडिया की बहस का विषय बना दिया. एक तरफ कुछ लोग इसे परिवार के साथ सफर के दौरान घर का खाना साझा करने जैसा सामान्य व्यवहार मान रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ लोग सार्वजनिक जगह पर दूसरों की सुविधा और व्यक्तिगत व्यवहार को लेकर सवाल उठा रहे हैं. फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर यही चर्चा है कि विमान में खाना खाने से ज्यादा जरूरी यह है कि यात्री ऐसा करते समय आसपास बैठे लोगों की सुविधा और सार्वजनिक जगह के तौर-तरीकों का कितना ध्यान रखते हैं.
ये भी पढ़ें