Weather Update: शाम में मौसम ने बदली करवट, दिल्ली-एनसीआर में बारिश की फुहार.. लोगों को गर्म मौसम से मिली राहत

शनिवार शाम दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में बारिश देखने को मिली. जिससे तापिश वाले मौसम में थोड़ी राहत महसूस हुई. साथ ही लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिन में भी मौसम अच्छा बना रहेगा.

दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश हुई. Photo ITG
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:08 PM IST

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम अचानक मौसम बदल गया. दिनभर की गर्मी के बाद तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में घने बादल छा गए. कई इलाकों में धूल भरी हवाएं भी देखने को मिलीं, जिससे मौसम पूरी तरह बदल गया. तापमान में गिरावट आने से लोगों को तेज गर्मी से काफी राहत महसूस हुई.

मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर में आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी. विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है. प्रशासन ने कहा है कि तेज हवा और बारिश के समय बिना जरूरत खुले स्थानों में जाने से बचना चाहिए. साथ ही पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के पास खड़े होने से भी बचने की सलाह दी गई है.

पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर के लोग तेज गर्मी और लू से परेशान थे. लेकिन मौसम में आए इस बदलाव के बाद तापमान में कमी दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान अब 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जो सामान्य से कम माना जा रहा है.

बारिश होने की स्थिति में कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है. इससे ट्रैफिक पर भी असर पड़ने की आशंका है. खासकर ऑफिस टाइम में सड़कों पर जाम की स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम और ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक कर लेनी चाहिए.

 

Read more!

RECOMMENDED