Weather Update: राजधानी में 9 डिग्री तक लुढ़क सकता है पारा, कई शहर होंगे कोहरे की चादर में.. जानें क्या है आपके राज्य का तापमान

देश की राजधानी दिल्ली में 16 दिसंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. सुबह के समय तेज रफ्तार के साथ हवाएं चल सकती हैं, लेकिन इसके बावजूद घना कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है.

कैसा रहेगा आपके राज्य में तापमान
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 16 दिसंबर 2025,
  • अपडेटेड 6:12 AM IST

देशभर में मौसम का मिज़ाज लगातार बदलता नजर आ रहा है. कहीं शीतलहर और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है तो कहीं बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट के मुताबिक, 16 दिसंबर यानी आज देश के कई हिस्सों में मौसम फिर करवट ले सकता है. हालांकि बारिश का असर सीमित इलाकों तक ही रहेगा, लेकिन कोहरा और ठंड गंभीर रूप से परेशान करने वाली है.

देश की राजधानी दिल्ली में 16 दिसंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. सुबह के समय तेज रफ्तार के साथ हवाएं चल सकती हैं, लेकिन इसके बावजूद घना कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है. प्रदूषण स्तर के और खतरनाक होने की आशंका है. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

दिल्ली से सीमा साझा करने वाले राज्य उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, गौतम बुद्ध नगर, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बरेली और पीलीभीत सहित आसपास के जिलों में घने कोहरे का असर देखने को मिलेगा. खासतौर पर सुबह के समय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

कोहरे का कहर, बढ़ सकते हैं हादसे
उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. बिहार की राजधानी पटना के साथ-साथ भागलपुर और दरभंगा में सुबह के समय कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है. वहीं उत्तर प्रदेश में कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा और वाराणसी जैसे शहरों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम रहने की संभावना है.

पहाड़ी राज्यों में ठंड का डबल असर
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के अलावा उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और चमोली में भी घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है. इससे सुबह और रात के समय आवाजाही प्रभावित हो सकती है. लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

बिहार में ग्रामीण इलाकों पर ज्यादा असर
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के गया, बेगूसराय, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा, औरंगाबाद और राजगीर जैसे इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. सुबह के समय ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा ज्यादा घना रहने की संभावना है.

ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, लाहौल-स्पीति और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना है. ऐसे में पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

कुल मिलाकर, देश के कई हिस्सों में मौसम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. कोहरा, ठंड, बारिश और बर्फबारी को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग की सलाह मानने और सावधानी बरतने की जरूरत है.

 

Read more!

RECOMMENDED