गुजरात में 40, महाराष्ट्र में 44, यूपी में 45 डिग्री के करीब... गर्मी का बढ़ रहा प्रकोप, अलर्ट

अप्रैल के महीने गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और राजस्थान में लगातार पारा बढ़ रहा है. गुजरात में कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. महाराष्ट्र में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. लोगों को गर्मी में एहतियात बरतने की सलाह दी जाती है.

Weather
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 16 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:02 PM IST

अप्रैल का महीना भले ही पहाड़ों पर अभी ठंडक का अहसास करा रहा है. लेकिन मैदानों में यही महीना अब पसीने छुड़ा रहा है. दिल्ली, हरियाणा, यूपी और राजस्थान से लेकर महाराष्ट्र, गुजरात या मध्य प्रदेश, अधिकतर राज्यों में पारा लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने भी इस गर्मी के अब बढ़ने के ही आसार जताए हैं.  

दिल्ली में बढ़ रहा पारा- 
अप्रैल के हिस्से में जितनी राहत थी. वो मिल चुकी है. अब तपते सूरज और गर्म दिनों के अलावा अप्रैल के पास ज्यादा कुछ नहीं है. एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जरुर आ रहा है. लेकिन उससे मैदानों में राहत की उम्मीद कम ही हैं. दिल्ली की बात करें तो सूरज ने दिल्ली वालों की कड़ी परीक्षा लेनी शुरु कर दी है. पारा 35 से ऊपर जाने लगा है. जो शाम और रात अब तक सुकून में कट रही थीं. वहां भी गर्मी आ धमकी है. एक तरह से कहें तो अब बात पंखे से एयर कंडीशन तक तक पहुंच चुकी है. मौसम को लेकर गरमागरम बात ये है कि दिल्ली-एनसीआर में अप्रैल में पहली बार पारा 40 के पार जा सकता है. 

गुजरात के कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार-
गर्मी से अभी तो सबसे ज्यादा पसीना गुजरात वालों का छूट रहा है. सड़कें अभी से सूनी हैं. शहर के प्रमुख चौराहों पर लोगों के लिए छांव का इंतजाम किया जा रहा है. पब्लिक प्लेस पर लोगों का गला तर रहे इसके इंतजाम किए जा रहे हैं. अभी ही गुजरात के 5 शहरों में गर्मी का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है.

महाराष्ट्र में कई जिलों में अलर्ट-
गर्मी से दो-दो हाथ महाराष्ट्र के लोग भी कर रहे हैं. यहां लू ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है. कई शहरों में पारा 41 से 44 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है. विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में सूर्य देव लोगों की गंभीर परीक्षा ले रहे हैं. फिलहाल तो अकोला, अमरावती और वर्धा सबसे गर्म हैं. IMD ने कई जिलों में हीट अलर्ट जारी किया है. 

यूपी, एमपी और राजस्थान में भी कहर-
44 डिग्री का टॉर्चर केवल महाराष्ट्र वाले ही नहीं झेल रहे. बल्कि राजस्थान, मध्यप्रदेश, यूपी तक गर्मी का साम्राज्य कायम हो चुका है. राजस्थान की बात करें तो यहां अब रातें भी तपने लगी हैं. बाड़मेर में पारा 42 डिग्री से ज्यादा दर्ज हुआ है. मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में राजस्थान में पारा 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. मध्यप्रदेश की बात करें तो यहां 16 जिलों में लू का अलर्ट है. मध्यप्रदेश के 25 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार जा चुका है.
यूपी में भी तपते दिनों का टाइम आ चुका है. गर्मी की वजह से रातों में भी तपिश महसूस हो रही है. पिछले 24 घंटे में यूपी में बांदा सबसे गरम रहा है. यहां दिन का तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है. यही नहीं, प्रयागराज में पारा 43 डिग्री तो वहीं वाराणसी में 42 डिग्री तक पारा जा पहुंचा है. 
लगातार बढ़ते पारे को देखते हुए लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED