Weather Alert Today: अभी थमा नहीं है तूफान! दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश का खतरा, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. आइए इस खबर में आपको बताते हैं IMD ने आज के मौसम पर क्या अपडेट दिया है.

Weather Update Today
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:27 AM IST

देश के कई हिस्सों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. जून की गर्मी के बीच कभी तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कभी अचानक आने वाली बारिश और आंधी राहत देने का काम कर रही है. राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से मौसम का यही बदला हुआ रूप देखने को मिल रहा है. सुबह और दोपहर में तेज धूप तथा उमस महसूस होती है, लेकिन शाम होते-होते बादल छा जाते हैं और कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो जाती है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज यानी 16 जून को भी देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. तो चलिए आपको बताते हैं कि आज के मौसम का हाल कैसा होगा.

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में आज मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है. दिन के समय गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है, लेकिन शाम या रात के समय मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है.

यूपी में भी बदल सकता है मौसम
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई दे सकता है. मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अभी बड़े स्तर पर बारिश के संकेत नहीं हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं, लेकिन मानसून जैसी लगातार बारिश अभी देखने को नहीं मिलेगी.

बिहार में बारिश का असर
बिहार के कई जिलों में आज बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है.  वहीं पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी गतिविधियां काफी सक्रिय बनी हुई हैं.अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

राजस्थान और मध्य भारत में आंधी का खतरा
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में आज धूल भरी आंधी चल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. दूसरी ओर विदर्भ क्षेत्र में हीटवेव का असर बना रह सकता है. तेलंगाना में भी गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.

अगले 24 घंटे रहेंगे महत्वपूर्ण
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, वहां जलभराव, ट्रैफिक जाम और दृश्यता कम होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं. वहीं जिन इलाकों में बिजली गिरने और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED