India weather update: भीषण गर्मी के बाद इस दिन से बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश से मिलेगी राहत, जानिए कब और कहां होगा असर

मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव अचानक नहीं है. तेज गर्मी के कारण ही ऐसे हालात बनते हैं, जिससे समुद्र से नमी वाली हवाएं अंदर की ओर आती हैं. जब ये हवाएं वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और स्थानीय हवाओं से मिलती हैं, तो तेज आंधी और बारिश का सिस्टम बनता है.

Intense Heatwave Storms
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:57 AM IST

देशभर में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों की हालत खराब कर दी है. लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दिनों में आंधी, धूलभरी हवाएं और बारिश लोगों को इस तपती गर्मी से राहत दे सकती हैं.

बन रहा  तेज आंधी और बारिश का सिस्टम
मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव अचानक नहीं है. तेज गर्मी के कारण ही ऐसे हालात बनते हैं, जिससे समुद्र से नमी वाली हवाएं अंदर की ओर आती हैं. जब ये हवाएं वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और स्थानीय हवाओं से मिलती हैं, तो तेज आंधी और बारिश का सिस्टम बनता है.

बारिश और तूफान कब आएगा?
मौसम में बदलाव की शुरुआत 27 अप्रैल से देखने को मिल सकती है. राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है. अनुमान है कि इस दौरान करीब 30 से 50% इलाकों में असर देखने को मिलेगा.

पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड में बदलेगा मौसम
इसके बाद 28 से 30 अप्रैल के बीच मौसम की गतिविधियां और तेज हो जाएंगी. इस दौरान पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना और केरल जैसे राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का असर दिख सकता है. इन दिनों में करीब 50 से 75% इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है.

यह आंधी-बारिश ज्यादा देर तक नहीं चलेगी, लेकिन काफी तेज हो सकती है. हवाओं की रफ्तार 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे धूलभरी आंधी उठेगी और उसके बाद 15 से 45 मिनट तक तेज बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर इसके बाद हल्की बूंदाबांदी भी जारी रह सकती है.

Heatwave: Photo: PTI

इस दौरान बिजली चमकने और गरजने की भी संभावना है. ज्यादातर यह गतिविधियां दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे के बीच देखने को मिलेंगी.

क्या तापमान कम होगा?
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा. फिलहाल जहां तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, वहीं मंगलवार शाम से इसमें गिरावट शुरू हो सकती है. सप्ताह के बीच तक तापमान 36 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच आ सकता है.

हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इससे गर्मी पूरी तरह खत्म नहीं होगी. बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ सकती है, जिससे दिन में हल्की चिपचिपी गर्मी महसूस हो सकती है. लेकिन शाम और रात का मौसम पहले से ज्यादा राहतभरा रहेगा.

गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में जारी रहेगी हीटवेव
तेज हवाएं कुछ जगहों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं, जिससे नुकसान की संभावना रहती है. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि आंधी के समय घर के अंदर रहें और सुरक्षित स्थान पर ही रहें. हर जगह इस बदलाव का असर समान नहीं होगा. गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अभी भी हीटवेव जारी रह सकती है और वहां बारिश की संभावना कम है.

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED