अगस्त के तीसरे हफ्ते में मौसम का मिजाज कई राज्यों में बदला हुआ नजर आ सकता है. 17 से 23 अगस्त के बीच देश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है, जबकि पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में मानसून की गतिविधि कमजोर पड़ने की संभावना भी मौसम विभाग द्वारा जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों के साथ हिमालयी क्षेत्रों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.
पूर्वी भारत में बारिश का जोर
17 से 23 अगस्त के दौरान यूपी, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के आसपास के कई राज्यों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने बिहार में 17-18 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं ओडिशा और झारखंड में भी इस दौरान बारिश का दौर बना रह सकता है.
हालांकि आने वाले सप्ताह में उत्तर-पूर्वी राज्यों में लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती है. कुछ राज्यों में मौसम पूरी तरह सूखा रहने वाला नहीं है. वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है. ऐसे में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है. खास करके पर्यटकों के लिए मौसम पर ध्यान देने फायदेमंद होगा. होटल से निकलने से पहले मौसम की जांच कर लें.
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश से राहत नहीं
हिमालयी राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है. हिमाचल प्रदेश में 17 और 18 अगस्त को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसके बाद भी 19 से 21 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है.
उत्तराखंड में भी मानसून की गतिविधि बढ़ने के कारण भारी से बहुत भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. पहाड़ी इलाकों में बारिश के दौरान सड़क और यात्रा को लेकर अतिरिक्त सावधानी जरूरी रहेगी.
जम्मू और कश्मीर में भी बारिश से राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है. श्रीनगर, रियासी, और पुंछ के आस-पास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जिससे यातायात और जन जीवन प्रभावित रहने का अनुमान है.
दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में इस दौरान उमस और बादलों का असर देखने को मिल सकता है. हालिया पूर्वानुमानों में क्षेत्र में बारिश की गतिविधि अपेक्षाकृत कमजोर रहने की बात सामने आई है, जिससे गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है.
वहीं पश्चिमी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में मानसून कमजोर पड़ने की संभावना है. रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी क्षेत्रों में अगले कुछ समय में मानसूनी बारिश कम हो सकती है. इससे खेती और नई फसलों पर भी असर पड़ने की चिंता है.
बारिश के बीच सावधानी जरूरी
17 से 23 अगस्त के बीच मौसम कई इलाकों में बदलता हुआ रहेगा. जहां पूर्वी और पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश परेशानी बढ़ा सकती है, वहीं कुछ दूसरे हिस्सों में बारिश की कमी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है. ऐसे में यात्रा से पहले स्थानीय मौसम अपडेट जरूर देखना बेहतर रहेगा.
ये भी पढ़ें