पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी दोनों के लिए बेहद खास मानी जा रही है. इस बीच का एक भावुक पल उस समय देखने को मिला जब शुभेंदु अधिकारी और उनकी कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी मंच पर पहुंचे. मंच पर पहुंचते ही पीएम मोदी ने वरिष्ठ बीजेपी नेता माखनलाल सरकार का सम्मान किया. 98 साल की उम्र में भी माखनलाल सरकार लोगों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं. उनके लंबे सामाजिक और राजनीतिक जीवन को देखते हुए कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी उनका सम्मान किया.
बता दें कि, माखनलाल सरकार उन पुराने कार्यकर्ताओं में शामिल हैं जिन्होंने आजादी के बाद देश में राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किया. उन्होंने कई सालों तक गांव और जिलों में जाकर संगठन को मजबूत किया.
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ गए थे कश्मीर
साल 1952 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कश्मीर में भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन में शामिल हुए थे. उस समय माखनलाल सरकार भी उनके साथ थे. आंदोलन के दौरान उन्हें कश्मीर में गिरफ्तार भी किया गया था. उस दौर में देश और राष्ट्रवादी सोच के लिए काम करना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने हर मुश्किल का सामना किया.
भाजपा को मजबूत करने में निभाई अहम भूमिका
1980 में भाजपा बनने के बाद माखनलाल सरकार को पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों में संगठन का काम दिया गया. उन्होंने बहुत मेहनत से लोगों को पार्टी से जोड़ा. सिर्फ एक साल में उन्होंने करीब 10 हजार लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया. इसके बाद 1981 से लगातार सात साल तक उन्होंने जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली. उस समय पार्टी में किसी नेता को लंबे समय तक एक ही पद पर नहीं रखा जाता था, लेकिन उनके अच्छे काम और संगठन क्षमता की वजह से उन्हें लगातार जिम्मेदारी दी गई.
आज भी माखनलाल सरकार का जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं के लिए प्रेरणा माना जाता है. उनका समर्पण और मेहनत लोगों को देश और समाज के लिए काम करने की सीख देता है.
रिपोर्टर: हिमांशु मिश्रा
ये भी पढ़ें: