Advertisement

Prateek Yadav: राजनीति से दूर, जिम लवर, महंगी गाड़ियों के शौकीन... 38 साल उम्र, अस्पताल में तोड़ा दम... कौन थे प्रतीक यादव?

Who Was Prateek Yadav: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में लखनऊ में निधन हो गया है. प्रतीक यादव राजनीति दूर रहते थे, वो लग्जरी लाइफस्टाइल जीते थे. वह जिम लवर और महंगी गाड़ियों के शौकीन थे. आइए जानते हैं कौन थे प्रतीक यादव?

Who is Pratik Yadav
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 13 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:49 AM IST

उत्तर प्रदेश की सियासत में बुधवार को एक दुखद खबर सामने आई, जब समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया. सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई  प्रतीक यादव की अचानक हुई मौत ने सबको हैरत में डाल दिया है. प्रतीक यादव को बुधवार सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह मालूम चलेगा. आइए जानते हैं कौन थे प्रतीक यादव?  

कौन थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव का जन्म 7 जुलाई 1987 को लखनऊ में हुआ था. प्रतीक यादव सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. प्रतीक यादव के सौतेले भाई अखिलेश यादव हैं. प्रतीक की पढ़ाई यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से हुई थी. प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी. प्रतीक की दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी का नाम प्रथमा यादव और छोटी बेटी का नाम प्रतीक्षा यादव है.

अर्पणा बिष्ट और प्रतीक यादव की मुलाकात लखनऊ में स्कूल-कॉलेज के कार्यक्रम में हुई थी. दोनों ने 8 साल तक रिलेशनशिप के बाद नवंबर 2011 में शादी कर ली थी. प्रतीक यादव की पत्नी  अपर्णा यादव फिलहाल भाजपा में हैं. अपर्णा यादव अभी उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं. प्रतीक के सौतेले भाई अखिलेश यादव हैं. अखिलेश अभी सपा प्रमुख हैं. प्रतीक की भाभी डिंपल यादव मैनपुरी से लोकसभा सांसद हैं. प्रतीक के परिवार में चाचा शिवपाल सिंह, रामकृपाल यादव, अभयराम सिंह यादव आदि हैं.

प्रतीक यादव सियासत से रहते थे दूर 
प्रतीक यादव के घर में राजनीतिक माहौल था इसके बावजूद प्रतीक ने राजनीतिक को अपना करियर नहीं बनाया. अखिलेश यादव ने पिता की सियासी विरासत को आगे बढ़ाया तो प्रतीक ने अलग राह चुनी. प्रतीक यादव हमेशा सियासत से दूर रहते थे. प्रतीक रियल एस्टेट और फिटनेस व्यवसाय से जुड़े हुए थे. प्रतीक एक सफल बिजनेसमैन थे.

प्रतीक ने यादव परिवार के पॉलिटिकल टैग से इतर अपनी खुद की दुनिया बसाई थी.  प्रतीक यादव जिम लवर थे. उन्हें महंगी गाड़ियों का शौक था. प्रतीक लखनऊ में द फिटनेस प्लेनेट नाम से एक जिम भी चलाया और फिटनेस इंडस्ट्री में सक्रिय रहे. प्रतीक पशु कल्याण गतिविधियों में भी जुड़े रहे. वह जीव आश्रय नामक एक संगठन के माध्यम से आवारा कुत्तों के रेस्क्यू, इलाज, भोजन और देखभाल का काम किया था. प्रतीक यादव यूपी के सबसे फिट युवाओं में गिने जाते थे. वह अक्सर अपनी वर्कआउट वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते थे. प्रतीक को साल 2012 में एक मैगजीन ने द इंटरनेशनल ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ द मंथ का खिताब दिया था.

जीते थे लग्जरी लाइफ
प्रतीक यादव लग्जरी लाइफ जीते थे. उन्होंने अपने शरीर पर कई स्टाइलिश टैटू बनवा रखे थे. हर टैटू के पीछे उनका अपना एक खास मतलब था. टैटू के जरिए वह अपनी सोच, पसंद और जिंदगी के अनुभवों को जाहिर करते थे. प्रतीक यादव को महंगी और तेज रफ्तार गाड़ियों का शौक था. उन्होंने जब लैम्बोर्गिनी खरीदी थी तो वह खबर राष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में रही थी.

प्रतीक यादव का रियल एस्टेट का कारोबार काफी फैला हुआ है. वह लखनऊ के कई बड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़े हुए थे. प्रतीक यादव ने हमेशा अपनी पत्नी के फैसलों का समर्थन किया, भले ही वह उनके परिवार की पारंपरिक पार्टी के खिलाफ ही क्यों न रही हों. हाल में अपर्णा यादव के साथ उनके मनमुटाव की खबरें आई थी, जब प्रतीक यादव ने खुद एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. प्रतीक ने अपर्णा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और बात तलाक तक पहुंच गई थी. हालांकि, बाद में दोनों के बीच रिश्ते सुधर गए थे.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement