Advertisement

16 साल का छात्र और ट्यूशन टीचर घर से लापता, रेलवे स्टेशन पर देखे गए

यूपी के आगरा में 16 साल का एक स्टूडेंट घर लापता हो गया. जब उसकी तलाश की गई तो पता चला कि उसकी ट्यूशन टीचर भी लापता है. ट्यूशन टीचर के 2 बच्चे हैं. दोनों को रेलवे स्टेशन पर देखा गया. हालांकि पुलिस ने दोनों को अलग-अलग शहरों से बरामद कर लिया है.

Agra News (Photo/ChatGPT AI)
नितिन उपाध्याय
  • आगरा,
  • 21 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 1:31 PM IST

उत्तर प्रदेश के आगरा में 16 वर्षीय छात्र और शिक्षिका के लापता होने का मामला सामने आया है. ताजगंज थाना क्षेत्र से 4 अगस्त को लापता हुआ 11वीं कक्षा का छात्र नोएडा में मिला, जबकि उसके साथ घर से निकली शिक्षिका को पुलिस ने मथुरा से बरामद किया. दोनों को सुरक्षित बरामद करने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. परिजनों ने मामले में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है.

घर में डांट से था परेशान-
छात्र शहर के एक पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता है. बताया गया कि पढ़ाई को लेकर घर में डांट पड़ने से वह परेशान रहता था. वह धांधूपुरा में इसी शिक्षिका से ट्यूशन भी पढ़ता था. छात्र के परिजनों के मुताबिक, चार अगस्त को वह स्कूल प्रोजेक्ट के लिए करीब तीन हजार रुपये लेकर घर से निकला था. उसने अपनी साइकिल एक दोस्त के घर खड़ी कर दी और इसके बाद वापस नहीं लौटा.

ट्यूशन टीचर भी घर से गायब-
परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिला. इसी दौरान पता चला कि ट्यूशन पढ़ाने वाली शिक्षिका भी अपने घर से गायब हैं. शिक्षिका विवाहिता हैं और दो बच्चों की मां हैं. उनकी उम्र छात्र से करीब 22 वर्ष अधिक बताई गई है. छात्र के लापता होने पर ताजगंज पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज किया, जबकि शिक्षिका के पति ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.

रेलवे स्टेशन पर देखे गए दोनों-
पुलिस ने जांच के दौरान दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली. इसमें दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो दोनों आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार होते दिखाई दिए. फुटेज के आधार पर पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी.

पुलिस ने दोनों को बरामद किया-
जांच में सामने आया कि छात्र पहले ग्वालियर पहुंचा और फिर बयाना होते हुए कैलादेवी गया. वहां दर्शन करने के बाद दोनों कुछ समय तक साथ रहे. बाद में दोनों अलग-अलग शहरों में चले गए. पुलिस ने छात्र को नोएडा और शिक्षिका को मथुरा से बरामद कर लिया.

टीचर ने क्या बताया?
पूछताछ में शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि छात्र घर की डांट से परेशान होकर उनके पास रोता था. चार अगस्त को छात्र ने फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी. शिक्षिका के मुताबिक, उसे ऐसा कदम उठाने से रोकने के लिए वह उसे अपने साथ ले गईं. हालांकि बाद में उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और वह घर लौटने का साहस नहीं जुटा पा रही थीं.

दोनों को फैमिली को सौंपा गया-
पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बरामद करने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने शिक्षिका की मनोस्थिति और पूरे घटनाक्रम को देखते हुए फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करने का निर्णय लिया है. इंस्पेक्टर ताजगंज नीरज कुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement