मध्य प्रदेश के भिंड में नेशनल हाईवे-719 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 साल के मासूम की जान चली गई. बच्चा अपने दादा के साथ बाइक पर बैठकर भिंड जा रहा था. तभी हाईवे पर खड़ी एक कार का ड्राइवर बिना पीछे देखे गुटखा थूकने के लिए अचानक गेट खोल बैठा. इससे बाइक असंतुलित हो गई और मासूम सड़क पर गिर पड़ा. पीछे से आ रहे डंपर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने डंपर और कार दोनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
कुंवारी नदी के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, फूप थाना क्षेत्र के कनकूरा गांव निवासी 4 वर्षीय देवांश यादव शनिवार को अपने दादा सुनील यादव के साथ बाइक से भिंड जा रहा था. जैसे ही वे देहात थाना क्षेत्र में कुंवारी नदी के पास नेशनल हाईवे-719 पर पहुंचे, सड़क किनारे मौजूद एक कार के चालक ने अचानक गाड़ी का दरवाजा खोल दिया. कार का गेट खुलते ही बाइक उससे टकराकर असंतुलित हो गई. इस दौरान देवांश बाइक से नीचे गिर गया.
पीछे से आ रहे डंपर ने कुचला
बाइक से गिरते ही पीछे से आ रहा डंपर देवांश के ऊपर से गुजर गया. हादसा इतना भीषण था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसके दादा सुनील यादव भी घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और डंपर चालक को पकड़ लिया.
कार पर बीजेपी महिला मोर्चा की नेम प्लेट लगी थी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस कार का दरवाजा खुला था, उस पर 'बीजेपी पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष' की नेम प्लेट लगी हुई थी. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कार किसी भाजपा नेता की है या नहीं. इस पहलू की भी जांच की जा रही है.
पुलिस ने कार और डंपर जब्त किए
देहात थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर और कार दोनों को जब्त कर लिया गया है. डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कार का दरवाजा अचानक खुलने से बाइक का संतुलन बिगड़ा, जिसके बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
-हेमंत शर्मा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: