Katihar Train Murder: अवैध संबंधों में कांटा बने पति को 4 लाख की सुपारी देकर रास्ते से हटाया, अफसर पत्नी ने रची साजिश

कटिहार रेल मंडल में चलती ट्रेन में हुई देव कुमार गुंजन की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में पत्नी स्मिता कुमारी, उसके प्रेमी अजीत कुमार और कॉन्ट्रैक्ट किलर की साजिश सामने आई. पुलिस के मुताबिक 4 लाख रुपए की सुपारी देकर हत्या कराई गई और मामले को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की गई.

पत्नी ने हत्या के लिए दी सुपारी, पति की मौत
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:14 PM IST

रिश्तों के बदलते रूप ने आजकल पति-पत्नी के भरोसे पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं. ऐसा ही मामला सामने आया है बिहार के कटिहार रेल मंडल, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. चलती ट्रेन में हुई एक हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए रेल पुलिस ने दावा किया है कि इस पूरे मामले की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी. पुलिस के मुताबिक पति की हत्या के लिए 4 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी और वारदात को लूटपाट का रूप देकर जांच को गुमराह करने की कोशिश की गई.

चलती ट्रेन में मारी गई थी गोली
पुलिस के अनुसार घटना 11 जुलाई 2026 की है. जमुई के बिजली विभाग में ग्रेड-1 टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत देव कुमार गुंजन जनसाधारण एक्सप्रेस से सुपौल जा रहे थे, जहां उनकी पत्नी स्मिता कुमारी मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) के पद पर तैनात हैं. 2018 में दोनों की शादी हुई थी और दोनों की एक बेटी भी है, जिसकी उम्र 5 से 6 साल बताई जा रही है. सफर के दौरान बदलाघाट स्टेशन के पास चलती ट्रेन में एक हमलावर ने उन्हें गोली मार दी. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना रेल क्षेत्र में होने के कारण मानसी रेल थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 309(6) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया.

जांच में सामने आई पत्नी और प्रेमी की साजिश
मामले की जांच के लिए बरौनी रेल अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई. रेल जिला कटिहार की टीम और STF ने भी जांच में साथ काम किया. वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुपौल में तैनात MVI स्मिता कुमारी, नालंदा में तैनात ग्रेड-1 टेक्नीशियन अजीत कुमार और जहानाबाद के घोसी निवासी कॉन्ट्रैक्ट किलर राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार कर लिया.

2017 में साथ लगी नौकरी, फिर बढ़ीं नजदीकियां
पुलिस जांच में सामने आया कि देव कुमार गुंजन, स्मिता कुमारी और अजीत कुमार तीनों की नौकरी वर्ष 2017 में लगी थी. शुरुआती पोस्टिंग सीतामढ़ी के बिजली विभाग में हुई थी. वर्ष 2018 में देव कुमार और स्मिता की शादी हुई, जिनकी 5 से 6 साल की एक बेटी भी है. बाद में 2023 में स्मिता का चयन MVI पद पर हुआ. इसी दौरान उसकी अजीत कुमार से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. पुलिस का दावा है कि देव कुमार इस रिश्ते में बाधा बन रहे थे.

4 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या
पुलिस के मुताबिक स्मिता और अजीत ने मिलकर राजू कुमार उर्फ धीरज को 4 लाख रुपए की सुपारी दी. आरोपी शूटर ने कई दिनों तक देव कुमार की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही चलती ट्रेन में गोली मारकर हत्या कर दी. पूछताछ में यह भी सामने आया कि सुपारी की रकम ऑनलाइन नहीं, बल्कि ऑफलाइन माध्यम से दी गई थी. पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.

लूट का मामला बताकर पुलिस को भटकाने की कोशिश
रेल पुलिस के अनुसार, घटना के बाद स्मिता कुमारी ने इसे चलती ट्रेन में लूटपाट के दौरान हुई वारदात बताकर जांच को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश की. हालांकि तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों की मदद से एसआईटी और STF ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं. फिलहाल तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED