Advertisement

Saharanpur Crime: बुलेट के बाद अब कार की डिमांड, शादी के 7 साल बाद भी शांत नहीं हुई लालच की भूख, विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र के लखनौती गांव में 7 साल पहले ब्याही गई वर्षा का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पलंग पर पड़ा मिला, जिसके बाद से पति समेत ससुराल के सभी लोग फरार हैं. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज और उत्पीड़न का आरोप लगाया है.

राहुल कुमार
  • सहारनपुर,
  • 23 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:28 PM IST

सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र से एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. लखनौती गांव में सात साल पहले ब्याही गई वर्षा का शव सोमवार को घर के अंदर पलंग पर पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पति समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो चुके थे. सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

सात साल पहले हुई थी शादी
मृतका वर्षा मूल रूप से नागल थाना क्षेत्र के नंदनपुर गांव की रहने वाली थी. उसकी शादी करीब सात वर्ष पहले लखनौती निवासी कमल के साथ हुई थी. दंपति की कोई संतान नहीं थी. परिजनों के अनुसार इसी बात को लेकर परिवार में अकसर विवाद होता रहता था. बताया गया कि करीब दो महीने पहले भी घरेलू विवाद के चलते वर्षा मायके चली गई थी. बाद में दोनों पक्षों के समझाने के बाद वह दोबारा ससुराल लौट आई थी.

भाई ने लगाए हत्या के आरोप
मृतका के भाई रविंद्र का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था. उनका कहना है कि रविवार को पूरे दिन घर में झगड़ा हुआ था और रात में वह समझाने के लिए भी गए थे. रविंद्र के मुताबिक सोमवार को बहन की मौत की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर शरीर और गले पर चोट के निशान दिखाई दिए. इसके अलावा घर के अंदर तोड़फोड़ भी मिली. उनका आरोप है कि मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या की गई है.

रविंद्र ने बताया कि उनकी बहन वर्षा की शादी को सात साल हो चुके थे. उनके अनुसार ससुराल वाले अक्सर मारपीट करते थे. उन्होंने कहा कि बच्चा न होने को लेकर कई बार विवाद हुआ और वे अपनी बहन को यहां से लेकर भी गए थे. उनका आरोप है कि उनकी बहन की हत्या की गई है, क्योंकि शरीर पर चोट के निशान हैं और घर के अंदर भी तोड़फोड़ मिली है.

दहेज में बुलेट देने के बाद भी कार की मांग का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे. दहेज में बुलेट बाइक समेत अन्य सामान भी दिया गया था. इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार कार की मांग कर रहा था. परिवार का यह भी कहना है कि शादी से पहले लड़के को ट्रैक्टर चालक बताया गया था, लेकिन बाद में उसके मजदूरी करने की जानकारी मिली. हालांकि तब तक शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, इसलिए विवाह करना पड़ा.

चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
रविंद्र ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है. घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार लोगों की तलाश की जा रही है.

पुलिस क्या कह रही है?
देवबंद क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि 22 जून को ग्राम लखनौती में वर्षा की मौत की सूचना मिली थी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement