यूपी के कौशांबी जिले में दहेज की मांग से परेशान होकर एक नवविवाहिता ने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका के पास से 28 पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. शादी को केवल दो महीने ही बीते थे, कि महिला ने अपनी जान दे दी.
मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर पांच लाख रुपए नगद और चार पहिया वाहन की मांग करने का आरोप लगाया है. साथ ही मारपीट और प्रताड़ित करने की भी बात की गई है. पुलिस अपनी शुरुआती कार्रवाई में पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पूरा मामला कोखराज थाना के भरवारी कस्बा का है. जहां विकास केसरवानी ने कोखराज पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन शिफाली केसरवानी की शादी 7 मई को प्रयागराज के फाफामऊ निवासी गोपाल केसरी के साथ शादी हुई थी. शादी में करीब 20 लाख रुपए का खर्च आया था. जब बहन 11 मई को ससुराल से वापस आई तो परिजनों को बताया की ससुराल पक्ष के लोग और दहेज की मांग कर रहे रहे है.
13 मई को बहन को समझा बुझाकर ससुराल भेज दिया गया. वहां जाने के बाद दोबारा सुसराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे. आरोप है कि पति गोपाल केसरी, ससुर कमल केसरी, सास आशा देवी और देवर अरुण केसरी ₹5,00,000 नगद और कार की मांग कर रहे है. मांग पूरी न होने पर शिफाली के साथ मारपीट भी की गई.
परिजनों के मुताबिक 20 जून को शिफाली वापस मायके आई तो घर वालों से अपने साथ किए बर्ताव को बताया. जिसमें उसने कहा कि पति गोपाल डंडो से मारता है. सास-ससुर व देवर गालियां दिया देते है, यहां तक कि खाना भी नहीं दिया करते थे.
13 जुलाई को शिफाली का ससुराल पक् उसे उसे बुलाने के लिए आने वाला था. इसी बात से शिफाली काफी परेशान थी. जिसके बाद उसने अपने कमरे में जाकर सुसाइड नोट लिखा और फांसी लगा ली.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. जिसके बाद पुलिस ने चार लोगों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया की 13 जुलाई को कोखराज थाना के भरवारी कस्बे में एक नवविवाहिता की शादी को लगभग 2 महीने ही हुए थे, जिसके बाद ससुराल पक्ष से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली. परिजनों की शिकायत के आधार पर दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. फिलहाल परिजनों ने मृतका के पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. सुसाइड नोट के मुताबिक आगे की जांच जारी है.