इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार भी सदमे में है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. मृतका की पहचान गौरी प्रजापत के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गौरी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की. घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू की.
पहनावे के लेकर होता था परिवार में अनबन
बताया जा रहा है कि गौरी की शादी कुछ साल पहले राहुल प्रजापत से हुई थी. शादी के बाद से घर में पहनावे को लेकर कई बार विवाद की स्थिति बनती थी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, ससुराल पक्ष की ओर से उसे जींस पहनने को लेकर टोका जाता था. कहा जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी. हालांकि पुलिस अभी हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और मामले को सिर्फ एक कारण से जोड़कर नहीं देख रही.
कमरे से नहीं आई आवाज, तो खुला दरवाजा
घटना वाले दिन गौरी अपने कमरे में थी. काफी समय तक बाहर नहीं आने पर पति राहुल प्रजापत को चिंता हुई. उन्होंने कमरे के बाहर से आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर हर कोई हैरान रह गया. गौरी फांसी के फंदे पर लटकी मिली. परिवार के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही द्वारकापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अब मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और यह समझने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनकी वजह से यह कदम उठाया गया. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आत्महत्या के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी. फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है. शुरुआती तौर पर पहनावे को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन अधिकारी सभी पहलुओं को खंगालने में जुटे हैं ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके.
ये भी पढ़ें