गढ़वा जिले के के मसरा गांव स्थित लामी घुटरा जंगल में उस समय हड़कंप मच गया, जब सुबह केंदु पत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों की नजर जंगल के बीच क्षतिग्रस्त हालत में पड़े एक मानव कंकाल पर पड़ी. अचानक सामने आए इस दृश्य को देखकर ग्रामीण घबरा गए और इलाके में खबर आग की तरह फैल गई. जंगल के आसपास टूटे मोबाइल के टुकड़े, कपड़े और बेल्ट मिलने के बाद मामला और भी रहस्यमय हो गया.
जानकारी के मुताबिक, सुबह कुछ ग्रामीण रोज की तरह जंगल में केंदु पत्ता तोड़ने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर जंगल के भीतर पड़े मानव कंकाल पर गई. कंकाल अलग-अलग हिस्सों में बिखरा हुआ था और आसपास कुछ सामान भी पड़ा मिला. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों और पुलिस को दी, जिसके बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी.
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
सूचना मिलते ही चिनियां थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की. घटनास्थल से अलग-अलग जगहों पर बिखरे कंकाल के अवशेष, टूटे मोबाइल के हिस्से और अन्य सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस ने सभी सबूतों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि मौत की असली वजह और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
घरवाले थे अनजान, कपड़े और मोबाइल से हुई पहचान
मामले में नया मोड़ तब आया, जब परिजनों ने मौके से मिले कपड़े, बेल्ट और क्षतिग्रस्त मोबाइल के आधार पर शव की पहचान मसरा गांव निवासी जय मंगल सिंह (करीब 30 वर्ष) के रूप में की. जय मंगल सिंह, सुकन सिंह के बेटे थे और बीते 13 मई से लापता बताए जा रहे थे.
बारात के बाद हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक, 13 मई की रात गांव में आई बारात के दौरान जय मंगल सिंह का गांव के ही सुदामा सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद से जय मंगल अचानक वह गायब हो गया था. परिवार को लगा कि वह शायद कहीं काम के सिलसिले में चला गया होगा, इसलिए थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई.
पुलिस हिरासत में एक शख्स, हर एंगल से जांच
मृतक के पिता सुकन सिंह ने बताया कि बेटे के अचानक गायब होने पर उन्होंने ज्यादा संदेह नहीं किया था. वहीं पुलिस ने पूछताछ के लिए सुदामा सिंह को हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. जंगल में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी रही और लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए. फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
(रिपोर्ट- चंदन कुमार कश्यप)
ये भी पढ़ें