द्वारका के कल्याणपुर के लांबा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को हैरान कर दिया. यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी और पूरी वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. 22 वर्षीय संतोष ग्वाला की मौत ने उसके परिवार को तोड़कर रख दिया, जबकि आरोपी दोस्त रामनरेश साकेत अब पुलिस हिरासत में है.
यह घटना उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के पडरछ गांव के रहने वाले संतोष ग्वाला से जुड़ी है, जो राजकोट की एक निजी कंपनी में ड्राइवर का काम करता था. घटना वाले दिन संतोष अपने दोस्त और सहकर्मी रामनरेश साकेत के साथ लांबा गांव स्थित झील के किनारे नाश्ता करने गया था. कुछ ही देर बाद दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद बढ़ गया.
नाश्ते के पैसों को लेकर बढ़ा विवाद
संतोष ने नाश्ते के खर्च के पैसे मांगे, जिस पर रामनरेश ने मना कर दिया. देखते ही देखते मामूली बहस झगड़े में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में रामनरेश ने संतोष को पानी भरी झील में धक्का दे दिया. पानी में गिरने के बाद संतोष खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुका. उसने झील में गिरे संतोष पर ऊपर से पत्थर फेंककर उसकी जान ले ली. हत्या को छिपाने के लिए रामनरेश ने एक कहानी गढ़ी. उसने संतोष के भाई रामशकल को फोन करके दावा किया कि संतोष ने खुद झील में कूदकर आत्महत्या की है और वह उसे बचा नहीं पाया.
पहली बार सुनते ही रामशकल को यह बात संदिग्ध लगी. बाद में 6 अप्रैल की सुबह रामनरेश ने फिर रोते हुए वही कहानी दोहराई, जिससे शक और गहरा गया.
भाई को लगी भनक, पुलिस जांच में खुला सच
रामशकल ग्वाला तुरंत राजकोट से अपनी कंपनी के मालिक के साथ लांबा गांव पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताई. संतोष के अचानक आत्महत्या करने वाले दावे पर उसे भरोसा नहीं था. उसकी शिकायत पर कल्याणपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो रामनरेश की कहानी टूटने लगी. आखिरकार उसने सच कबूल किया कि उसने गुस्से में धक्का देकर संतोष को झील में गिराया और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या की.
झील से बरामद हुआ शव, आरोपी गिरफ्तार
दमकलकर्मियों की मदद से संतोष का शव झील से बरामद किया गया और पोस्टमार्टम के लिए कल्याणपुर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि दोनों दोस्तों के बीच पहले भी पैसों को लेकर विवाद चलता रहा था, और उसी तनाव की वजह से घटना वाले दिन झगड़ा हिंसक रूप ले गया. रामशकल की शिकायत के आधार पर कल्याणपुर पुलिस ने आरोपी रामनरेश साकेत को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है.
(रिपोर्ट- ब्रजेश दोषी)
ये भी पढ़ें